बनारस स्वर्ण कला केंद्र में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने पाया काबू
आकाशवाणी के पास बनारस स्वर्ण कला केंद्र में सुबह लगी भीषण आग
रिसेप्शन, फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग का हिस्सा जला, पहले तल पर साड़ी शो-रूम को बचाया
प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच में जुटा अग्निशमन विभाग
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में आकाशवाणी के पास स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र के शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुबह आग की सूचना से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, आकाशवाणी के पास स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब छह फायर टेंडर की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया।

रिसेप्शन, फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग जली
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि सुबह करीब छह बजे बनारस स्वर्ण कला केंद्र में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पूरी टीम मौके पर पहुंच गई और छह दमकल वाहनों की सहायता से आग बुझाई गई। उन्होंने बताया कि भवन का निचला हिस्सा काफी दिनों से बंद था, जबकि भवन स्वामी ऊपरी तल पर रहते हैं। आग से रिसेप्शन क्षेत्र, फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग का हिस्सा जल गया है। अग्निशमन कर्मियों ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास किया।

साड़ी का शोरूम सुरक्षित, नुकसान का होगा आकलन
सीएफओ के अनुसार, भवन की पहली मंजिल पर स्थित साड़ी के शोरूम को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। वहीं, बनारस स्वर्ण कला केंद्र में आभूषणों का शोरूम संचालित होता है। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। समय रहते दमकल टीम के पहुंचने और त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने में मदद मिली।



