बाबतपुर एयरपोर्ट से अकासा और एयर इंडिया की कई उड़ानें बंद, कई री-शेड्यूल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। 1 जुलाई से एयरपोर्ट पर चल रहे निर्माण कार्यों के चलते कई घरेलू उड़ानों के संचालन कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। इसके तहत अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद या पुनर्निर्धारित किया गया है। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए चल रहे कार्य और टर्बाइन फ्यूल महंगा होने के चलते विमानन कंपनियों ने यह निर्णय लिया है। 

अकासा एयर ने वाराणसी-मुंबई के बीच संचालित अपनी दैनिक उड़ान सेवा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-दिल्ली उड़ान (आईएक्स-2215) अब सप्ताह में केवल बुधवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इसके अलावा वाराणसी-नवी मुंबई उड़ान (आईएक्स-5302) अब सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी। वाराणसी-कोलकाता उड़ान (आईएक्स-507) भी अब महीने के चयनित दिनों 9, 21 और 31 जुलाई को ही उपलब्ध रहेगी।

एयरलाइन ने वाराणसी-बेंगलुरु की उड़ान (क्यूपी-1422) और बेंगलुरु-वाराणसी सेवा (क्यूपी-1524) के साथ-साथ वाराणसी-नवी मुंबई की एक अन्य उड़ान (आईएक्स-2022) का संचालन भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसके अतिरिक्त एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-हैदराबाद उड़ान (आईएक्स-2547) भी 1 जुलाई से फिलहाल संचालित नहीं होगी। उड़ानों के संचालन में इस बदलाव का असर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद और नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यह परिवर्तन रनवे एवं एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विकास कार्यों के कारण किया गया है।

Share this story