मणिकर्णिका घाट का कायाकल्प, काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर के स्वरूप में दिखेगा महाश्मशान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी के महाश्मशान मणिकर्णिका घाट को नए और भव्य स्वरूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है। कार्यदायी एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार मणिकर्णिका घाट का नया स्वरूप श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिससे आध्यात्मिक और स्थापत्य सौंदर्य का संगम दिखाई देगा।

मणिकर्णिका घाट पर 32 शवों के अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। यहां भूतल का कुल क्षेत्रफल 29,350 वर्ग फीट और प्रथम तल का 20,200 वर्ग फीट होगा, जबकि दाह संस्कार क्षेत्र 12,250 वर्ग फीट में विकसित किया जाएगा। हरिश्चंद्र घाट पर 7 शवों के अंतिम संस्कार के लिए 13,250 वर्ग फीट क्षेत्र में प्लेटफॉर्म तैयार होगा। दोनों स्थानों पर शवदाह स्थल सड़क मार्ग से लगभग 1.8 मीटर ऊंचाई पर बनाए जा रहे हैं।

मणिकर्णिका घाट के निर्माण पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कार्य रूपा फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग से कराया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक चिमनियां लगाई जाएंगी, जिससे खुले में शव जलते हुए दिखाई नहीं देंगे। साथ ही रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत तीन मंदिरों का भी कायाकल्प किया जाएगा।

परियोजना के तहत पंजीकरण कक्ष, सामुदायिक प्रतीक्षा कक्ष, हॉल, शौचालय, रैंप, स्टोर रूम, कोर्टयार्ड, सर्विस एरिया, अपशिष्ट संग्रह व्यवस्था और सड़क निर्माण भी शामिल है। पाइलिंग सहित अन्य कार्यों के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। यह परियोजना काशी की परंपरा और आधुनिक सुविधाओं का संतुलित उदाहरण बनेगी।

Share this story