वाराणसी में गोली मारकर युवक की हत्या, इलाके में दहशत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी। चेतगंज थाना के बेनियाबाग में राजन नामक व्यक्ति को सोमवार की भोर में हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालांकि उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों का सुराग लग सके। घटनास्थल से खोखे मिले हैं।

मृतक के परिजनों के अनुसार राजन रात में सोये थे। सुबह पांच बजे जब घरवाले जगाने गए तो सिर में गोली लगी थी। परिजन गंभीर हालत में लेकर कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही डीसीपी और एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों ने बताया कि राजन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। किसी तरह का कोई विवाद अथवा मुकदमा भी नहीं था। डीसीपी ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

