लोहता में एम्बुलेंस की टक्कर से युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात एम्बुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सिरसा निवासी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अभिषेक कुमार उपाध्याय उर्फ राहुल शुक्रवार की सुबह अपने बच्चे को छितौनी स्थित डिवाइन सैनिक स्कूल छोड़ने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान देववाणी इंटरमीडिएट कॉलेज के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक अज्ञात एम्बुलेंस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अभिषेक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने भी देखा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

123

घटना की सूचना मिलने पर लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात एम्बुलेंस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Share this story