रमना में युवक से मारपीट, स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी में प्रदर्शन 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी इलाके में शनिवार देर रात मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। आरोप है कि शादी समारोह से लौट रहे एक युवक को गांव के कुछ लोगों ने रोककर न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित द्वारा तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिजनों और अन्य लोगों ने चौकी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

123

रमना क्षेत्र निवासी विजय पटेल पेशे से चालक हैं। शनिवार रात वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर एक शादी समारोह में गए थे। देर रात जब वह घर लौट रहे थे, तभी रमना चौकी के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के ही हमलावरों ने विजय पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।

पीड़ित विजय पटेल का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और मारपीट की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में भय व्याप्त हो गया।

123

घटना के संबंध में पीड़ित ने लंका थाना में लिखित शिकायत दी है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी से नाराज होकर रविवार को बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग रमना चौकी पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे।

परिजनों ने साफ कहा कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिल चुकी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। रमना चौकी प्रभारी के अनुसार पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story