बनारस कचहरी व अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ में उगले राज
वाराणसी। कचहरी परिसर और वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजीत कुमार सरोज के रूप में हुई है, जो भेलूपुर थाना क्षेत्र के रैसीपुर सत्तनपुर का निवासी है।
वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल फोन पर एक मैसेज भेजकर कचहरी समेत उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद अधिवक्ता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एलएलबी का छात्र है और कचहरी आता-जाता रहता था। उसने किसी व्यक्ति को फंसाने के उद्देश्य से यह धमकी भरा संदेश भेजा था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पड़ोसी को फंसाने की नीयत से यह साजिश रची। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरा संदेश 2.23 बजे भेजा गया था, जिसके बाद पुलिस सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंची।
कचहरी को बम से उड़ाने की लगातार मिल रही धमकियों के बाद कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट हो गई है। पूरे परिसर की बम निरोधक और डॉग स्कवॉड से जांच कराने के साथ ही पर्याप्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। पुलिस परिसर के चप्पे-चप्पे की निगरानी कर रही है।

