ट्रेन में महिला यात्री का पर्स झपटने वाला शातिर गिरफ्तार, जीआरपी-आरपीएफ ने 16 घंटे में बरामद किया आईफोन और राडो की लग्जरी घड़ी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चलती ट्रेन में महिला यात्री का पर्स झपटकर फरार होने वाले एक शातिर बदमाश को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में घटना के महज 16 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एप्पल आईफोन, राडो कंपनी की लग्जरी महिला घड़ी, नकदी और मोबाइल चार्जर बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गाजीपुर जनपद के थाना नोनहरा क्षेत्र के फदनपुर निवासी फरिहा फातिमा, पुत्री नदीम अशरफ, 14 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 15054 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान एक अज्ञात युवक उनके हाथ से लेडीज पर्स झपटकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।

123

पीड़िता के पर्स में एक एप्पल आईफोन, राडो (Rado) कंपनी की महिला घड़ी, ₹2,800 नकद, मोबाइल चार्जर तथा आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। घटना के संबंध में संबंधित थाने में मुकदमा अपराध संख्या 205/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) में मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी बनारस अशोक कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरपीएफ के सहयोग से तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सटीक सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा यादव उर्फ प्रद्युम्न पुत्र भुरफेकन यादव, निवासी ग्राम पसिया, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी गया एप्पल आईफोन, राडो कंपनी की महिला कलाई घड़ी, ₹800 नकद तथा मोबाइल चार्जर बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इंटरमीडिएट तक शिक्षित है और पहले ड्राइवर का काम करता था। नशे की लत और आर्थिक तंगी के कारण उसने चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से महज 16 घंटे में घटना का खुलासा होने पर यात्रियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

Share this story