गंगा में नाव पर बियर पार्टी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई थी पुलिस
वाराणसी। गंगा में नाव पर बियर पार्टी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। जांच के बाद भेलूपुर पुलिस ने एक आरोपी अर्जुन राजभर को गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ करने के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
दो दिन पहले सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें एक युवक गंगा में बोट पर सवार होकर बियर पीता दिख रहा है। मामले में भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरूद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अर्जुन राजभर अदलपुरा का रहने वाला है और लाइटिंग आदि का काम करता है। उसने अपनी हरकत पर अफसोस जताया।

