UP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: अजय राय हटे, आराधना मिश्रा मोना बनीं नई प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद कार्यकारी अध्यक्ष
लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। कांग्रेस आलाकमान ने अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यकाल और योगदान की सराहना भी की है। नई प्रदेश कांग्रेस टीम में देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने संगठन में नई जिम्मेदारियों के साथ प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया है।

इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता (लीडर ऑफ कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी) नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। प्रदेश कांग्रेस में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल संगठनात्मक तैयारियों में जुटे हैं। इससे पहले आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं राजनीतिक हलकों में चल रही थीं।

