मीरघाट पर बड़ा हादसा टला, एनडीआरएफ की तत्परता से 18 वर्षीय युवक की बची जान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मीरघाट पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भदोही जनपद का रहने वाला 18 वर्षीय युवक गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। इससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पिकेट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ जवानों ने उसकी जान बचाई। 

123

घटना के समय घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात एनडीआरएफ के सतर्क जवानों ने युवक को डूबते हुए देख लिया। उन्होंने बिना देरी किए तुरंत गंगा में छलांग लगाई और तेज धार के बीच संघर्ष करते हुए युवक तक पहुंचे। प्रशिक्षित बचावकर्मियों ने उसे सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाला और घाट किनारे लाकर प्राथमिक सहायता प्रदान की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से युवक की जान बच गई।

घटना को प्रत्यक्ष देख रहे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और एनडीआरएफ के जवानों की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि कुछ क्षण और देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। एनडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि गंगा घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Share this story