वाराणसी में “वन वार्ड वन गैंग” योजना के तहत स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव, हर वार्ड में एक समर्पित टीम करेगी काम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की प्रकाश व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने “वन वार्ड वन गैंग” योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस नई व्यवस्था के तहत नगरपालिका सीमा के प्रत्येक वार्ड में एक समर्पित तकनीकी टीम (गैंग) तैनात की जाएगी, जो स्ट्रीट लाइट से संबंधित सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी।

प्रत्येक वार्ड में नियुक्त गैंग में एक तकनीशियन, लाइनमैन, हेल्पर और इलेक्ट्रिशियन शामिल होंगे, जो प्रतिदिन अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। शाम और रात्रि के समय टीम फील्ड में जाकर स्ट्रीट लाइट की स्थिति का आकलन करेगी और खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराएगी। किसी भी वार्ड में शिकायत मिलने पर अधिकतम 24 घंटे के भीतर मरम्मत अनिवार्य होगी, जबकि विशेष परिस्थितियों में यह समय सीमा 48 घंटे निर्धारित की गई है।

टीम के पास बल्ब, चोक, टाइमर, वायरिंग सामग्री, एमसीबी सहित सभी आवश्यक विद्युत उपकरण उपलब्ध रहेंगे, जिससे मरम्मत कार्य निर्बाध रूप से किया जा सके। साथ ही सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सेफ्टी बेल्ट, ऑटो कट-ऑफ, इंडिकेटर एवं सीढ़ी जैसे सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य होगा।

प्रत्येक गैंग के कार्यों की निगरानी जोनल कार्यालय, विद्युत विभाग और नियंत्रण कक्ष द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। प्रतिदिन खराब स्ट्रीट लाइट की संख्या अपडेट की जाएगी ताकि सुधार की गति स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके। नगर निगम के अनुसार, यह योजना पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत कर सुरक्षित, उज्ज्वल और निर्बाध प्रकाशयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share this story