नाबालिग से दरिंदगी के विरोध में वाराणसी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों को फांसी की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कानपुर में काशी की एक नाबालिग बेटी के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में वाराणसी में जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से एसडीएम (माल) को सौंपा। ज्ञापन में दोषियों को फांसी की सजा देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कानून लागू करने की मांग की गई।

ं

अनुराधा यादव और पूनम विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“मानवता को शर्मसार करने वाली घटना”, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
नेतृत्व कर रहीं नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि काशी की नाबालिग बेटी अपने रिश्तेदार के यहां कानपुर गई थी, जहां सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों और एक स्थानीय विधायक के करीबियों द्वारा उसके साथ दरिंदगी की गई। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने में लगा है, जो बेहद चिंताजनक है।

ं

पीड़िता के लिए सुरक्षा, मुआवजा और नौकरी की मांग
महिला कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए, परिवार को सुरक्षा दी जाए, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और पीड़िता को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

“प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त”, कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री मंचों से महिला सुरक्षा की बातें करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है और यह घटना इसका उदाहरण है।

ं

फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा की मांग
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सुनवाई कराते हुए उन्हें फांसी की सजा दी जाए। साथ ही प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी सुरक्षा नीति लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

बड़े आंदोलन की चेतावनी
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इस मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। कार्यक्रम में कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

ं

Share this story