बीएचयू सिंह द्वार पर महिला कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, हरदीप पुरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू सिंह द्वार पर शनिवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कथित “एप्सटीन फाइल” में नाम सामने आने के आरोपों को लेकर कार्यकर्ताओं ने मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कहा कि जब तक मंत्री को पद से नहीं हटाया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर मौजूद कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा कुछ महिला कार्यकर्ताओं को घरों में रोकने और निगरानी में रखने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रदर्शन स्थल तक पहुंचीं।

123

राघवेंद्र चौबे ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के तहत शहरभर से नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे। इसके बाद एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा जाएगा, जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा, “यदि आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो संबंधित मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए। यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि नैतिक जवाबदेही का प्रश्न है।”

प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। सिंह द्वार और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभिन्न स्थानों पर जनसमर्थन जुटाने और हस्ताक्षर एकत्र करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मामले में पारदर्शिता बरती जाए और सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट की जाए।

Share this story