काशी में दिव्य और भव्य होगी महाशिवरात्रि, चमकाए जा रहे शिवालय और सड़कें, नगर निगम का विशेष अभियान
वाराणसी। हर बार की तरह इस बार भी काशी में महाशिवरात्रि दिव्य और भव्य होगी। इसके लिए काशी को सजाने-संवारने का काम चल रहा है। शिवालयों के आसपास की साफ-सफाई के साथ ही सड़कों की भी मरम्मत कराई जाएगी। इसको लेकर नगर निगम प्रशासन ने पुख्ता रणनीति तैयार की है।

महाशिवरात्रि का पर्व काशी में विशेष महत्व रखता है। इस दिन तड़के सुबह से लेकर देर रात तक शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगती हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर में ही करीब 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना रहती है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंचकोशी यात्रा भी करते हैं। इतनी भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है।

नगर निगम द्वारा सभी प्रमुख शिव मंदिरों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। मंदिर परिसरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा शिवालयों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी बेहतर बनाने की तैयारी है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के तहत काशी विश्वनाथ मंदिर, महामृत्युंजय महादेव, गौरी केदारेश्वर, तिल भाण्डेश्वर, सारंगनाथ, कर्मदेश्वर महादेव समेत सभी प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां पैचवर्क कर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा।


