महापर्व डालाछठ : बरेका के सूर्य सरोवर पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, संतान की लंबी आयु के लिए व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, परिवार के सुख-समृद्धि की कामना

WhatsApp Channel Join Now

सात घोड़ों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने भी किया पूजन-अर्चन, भजन संध्या और सुंदरकांड पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

 

वाराणसी। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं ने संतान की दीर्घायु के लिए पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। घाट पर छठी मइया के लोकगीतों, जयकारों और दीपों की जगमगाहट ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

123

इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सूर्य सरोवर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोक कल्याण की कामना की। आयोजन का प्रमुख आकर्षण सात घोड़ों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा रही। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सुसज्जित सरोवर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।

123

छठ महापर्व के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। सरोवर के जल में सूर्य की लालिमा, दीपों की रोशनी और व्रतियों की सामूहिक सूर्य वंदना ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस दौरान भजन संध्या के साथ हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित किया गया।

123

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, राम जन्म चौबे, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, भारद्वाज चौधरी और उप महाप्रबंधक सागर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिंह और संतोष कुमार यादव भी मौजूद रहे।

123

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, एनडीआरएफ, रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड तथा भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सहयोग किया। सभी विभागों के समन्वय से आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

132

आयोजन को सफल बनाने में छठ समिति के संस्थापक सीके ओझा, अध्यक्ष अनूप सिंह वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश सिंह, महामंत्री अजय आर, कोषाध्यक्ष गणेश कुमार और नीलेश कुमार सहित समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन राकेश पाण्डेय और दीपा मिश्रा ने किया।

123

123

BK Pathak
BK Pathak

21777 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story