वाराणसी में एयर शो पर सुरक्षा का ‘महाकवच’: 100 से ज्यादा IPS-PPS अफसरों के साथ 12 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
- गंगा घाटों से लेकर रूफटॉप और भीड़ के बीच तक निगरानी का सुरक्षा घेरा, लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना
- पीएम मोदी, सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत VVIP की मौजूदगी को लेकर हाई अलर्ट
- प्रयागराज के बमरौली एयरबेस से उड़ान भरकर गंगा के ऊपर करतब दिखाएंगे वायुसेना के विमान
वाराणसी। काशी के आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू और अन्य विमान अपना शौर्य दिखाएंगे तो जमीन पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार रहेगा। वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीवीआईपी की मौजूदगी और लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को फुलप्रूफ बनाने पर जोर है।
जानकारी के मुताबिक एयर शो की सुरक्षा में 12 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की बड़ी फोर्स लगाई जाएगी। इसमें इंटेलिजेंस विंग के करीब एक हजार जवान मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के हाथ में होगी।
IPS समेत वरिष्ठ अफसरों की बड़ी फौज
एयर शो के लिए तैयार किए गए पुलिस बंदोबस्त में 13 आईपीएस अधिकारियों के साथ 27 अपर पुलिस अधीक्षक और 53 क्षेत्राधिकारी तैनात किए जाएंगे। अलग-अलग स्तर पर कुल 107 पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है।
मैदानी सुरक्षा व्यवस्था के लिए 332 इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे। इसके साथ 1474 पुरुष सब इंस्पेक्टर और 656 महिला सब इंस्पेक्टर यानी कुल 2130 दारोगाओं की ड्यूटी लगाई जाएगी।
9701 सिपाही, 15 कंपनी PAC का सुरक्षा घेरा
सबसे बड़ा सुरक्षा बल कांस्टेबल स्तर पर लगाया जाएगा। इसमें 8573 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के साथ 1128 महिला कांस्टेबल तैनात होंगी। इस तरह कुल 9701 सिपाही और हेड कांस्टेबल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगे।
भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 15 कंपनी पीएसी भी तैनात की जाएगी। गंगा में आयोजन होने के कारण जल सुरक्षा को भी सुरक्षा प्लान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। इसके लिए दो कंपनी फ्लड पीएसी को लगाया जाएगा।
इंटेलिजेंस के करीब एक हजार जवान रखेंगे नजर
वीवीआईपी मूवमेंट और लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया जा रहा है। एयर शो के दौरान इंटेलिजेंस के करीब एक हजार जवान अलग-अलग स्थानों पर मुस्तैद रहेंगे। आयोजन स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ भीड़ के बीच भी खुफिया निगरानी रहेगी।
इस पूरे सुरक्षा बंदोबस्त में पुलिस अधिकारियों से लेकर इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाहियों तक की अलग-अलग जिम्मेदारी तय की जाएगी। गंगा किनारे होने वाले आयोजन के कारण घाटों और जल क्षेत्र की सुरक्षा पर विशेष फोकस रहेगा।
प्रयागराज से उड़ेंगे विमान, काशी के आसमान में दिखेगा पराक्रम
एयर शो में हिस्सा लेने वाले भारतीय वायुसेना के विमान प्रयागराज के बमरौली एयरबेस से उड़ान भरेंगे और वाराणसी पहुंचकर गंगा के ऊपर हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के घाटों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम वीवीआईपी की प्रस्तावित मौजूदगी ने आयोजन को सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बना दिया है। ऐसे में पुलिस के सामने एक तरफ वीवीआईपी सुरक्षा होगी तो दूसरी तरफ लाखों दर्शकों की भीड़, यातायात और गंगा के घाटों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की चुनौती रहेगी।
आसमान में वायुसेना, जमीन और गंगा पर पुलिस का पहरा
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों में बांटने की तैयारी है। आयोजन क्षेत्र के साथ वीवीआईपी मूवमेंट वाले मार्गों, गंगा घाटों, भीड़ वाले स्थानों और आसपास के संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं फ्लड पीएसी गंगा में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगी।
काशी में होने वाला यह एयर शो जितना भव्य होने जा रहा है, उसका सुरक्षा बंदोबस्त भी उतना ही व्यापक होगा। आसमान में भारतीय वायुसेना का पराक्रम दिखाई देगा तो जमीन से लेकर गंगा तक यूपी पुलिस का मजबूत सुरक्षा घेरा नजर आएगा।

