मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे वाराणसी, साम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का करेंगे शुभारंभ
वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। एमपी सीएम बरेका ग्राउंड में होने वाले सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्वागत लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और काशी आगमन पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे वातावरण में उत्साह और स्वागत की ऊर्जा साफ दिखाई दी।
स्वागत करने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक शालिनी यादव, विधायक पवन सिंह तथा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा काशी क्षेत्र के प्रोटोकॉल प्रभारी एवं क्षेत्र उपाध्यक्ष शैलेश पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कार्यक्रम की सफलता को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसके मद्देनजर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

