वाराणसी में रसोई गैस संकट गहराया, एजेंसियों के चक्कर काट रहे उपभोक्ता, होटल- रेस्टोरेंट संचालन प्रभावित
वाराणसी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसियों पर लगातार भीड़ देखने को मिल रही है और लोग अपनी बुकिंग के बावजूद सिलेंडर पाने के लिए बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था और एजेंसियों की मनमानी के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार गैस कंपनियों की ओर से साल भर में 15 सिलेंडर तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था बताई जाती है, लेकिन कई लोगों को 12 सिलेंडर भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि एजेंसी के रिकॉर्ड में यह दिखाया जा रहा है कि उन्होंने अपने कोटे के सिलेंडर ले लिए हैं, जबकि वास्तव में उन्होंने उतने सिलेंडर प्राप्त ही नहीं किए हैं।

एक उपभोक्ता ने बताया कि वह तीन-चार दिन पहले गैस बुक कराने के लिए एजेंसी पहुंचे थे, जहां उन्हें दो दिन बाद आने के लिए कहा गया। दोबारा एजेंसी पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनके खाते में ओवर बुकिंग दिख रही है, इसलिए उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। उपभोक्ता का कहना है कि उनके घर में केवल दो सदस्य रहते हैं और एक सिलेंडर लगभग दो महीने तक चलता है, ऐसे में ओवर बुकिंग का सवाल ही नहीं उठता।

सिलेंडर न मिलने की स्थिति में कई परिवारों को मजबूरी में वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कुछ लोग कोयला और लकड़ी से खाना बनाने को विवश हैं, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। गैस की कमी का असर अब व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी दिखने लगा है। लंका क्षेत्र स्थित “कैफे एट होम” नामक रेस्टोरेंट पर गैस उपलब्ध न होने के कारण संचालन प्रभावित हो गया है। रेस्टोरेंट के बाहर बकाया से संबंधित सूचना चिपकाई गई है और आधा शटर बंद नजर आया। वहां के एक कर्मचारी ने बताया कि पिछले करीब तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा है।

हालांकि. गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि नियमित रूप से गैस बुकिंग की जा रही है और उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अनियमित आपूर्ति से आम उपभोक्ताओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था की जांच कर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

