लायंस इंटरनेशनल का सेवा अभियान : दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल और सहायक उपकरण मिलेंगे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विश्व की अग्रणी समाजसेवी संस्था लायंस इंटरनेशनल की ओर से 7 अगस्त को वाराणसी में दिव्यांग बच्चों और जरूरतमंद लाभार्थियों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन डिस्ट्रिक्ट 321-ई के अधिष्ठापन समारोह के अवसर पर होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 500 लायन सदस्य भी भाग लेंगे।

123

लायंस इंटरनेशनल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत प्रदान करना है। इसके तहत लगभग 1000 पात्र दिव्यांग बच्चों और जरूरतमंद लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से ट्राई साइकिल, सिलाई मशीन तथा अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले चरण में करीब 150 ट्राई साइकिल, सिलाई मशीन और अन्य आवश्यक सहायक सामग्री वितरित की जाएगी।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लायंस इंटरनेशनल विश्व की सबसे बड़ी सेवा संस्थाओं में से एक है। इसकी स्थापना 7 जून 1917 को अमेरिका के शिकागो शहर में हुई थी। वर्तमान में यह संस्था लगभग 210 देशों में करीब 14 लाख सदस्यों के माध्यम से मानव सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

लायंस इंटरनेशनल स्थापना काल से ही शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करती रही है। वर्तमान में संस्था के आठ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सेवा अभियान संचालित हैं, जिनमें दृष्टि संरक्षण, कैंसर जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, भूख निवारण, युवा विकास तथा अन्य सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।

संस्था ने बताया कि वर्ष 1925 से अंधत्व निवारण अभियान के तहत विश्वभर में दृष्टिबाधित लोगों के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कई नेत्र चिकित्सालय स्थापित किए गए हैं तथा समय-समय पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाता है।

लायंस इंटरनेशनल के अनुसार, 7 अगस्त का यह सेवा अभियान केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस मानवीय पहल में सहयोग और सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Share this story