LIC कर्मचारियों का वाराणसी में प्रदर्शन, श्रमिक अधिकारों और नई भर्तियों को लेकर उठाई आवाज
वाराणसी। भारतीय जीवन बीमा निगम के वाराणसी मंडल मुख्यालय भेलूपुर परिसर में मंगलवार को कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने लंच अवकाश के दौरान गेट मीटिंग, सभा, नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों को बुलंद किया।
दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने श्रमिक हितों से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और लखनऊ में आंदोलनरत मजदूरों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे श्रमिकों की आवाज दबाने का प्रयास बताया। कर्मचारियों ने ट्रेड यूनियन गतिविधियों पर प्रतिबंध, यूनियन नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने और श्रम कानूनों में बदलाव को लेकर भी नाराजगी जताई।

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में श्रमिकों को अपनी बात रखने का अधिकार है और इस अधिकार को सीमित करना उचित नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि न्यूनतम मजदूरी कानूनों का सही ढंग से पालन नहीं हो रहा है और लगातार श्रमिक हितों की अनदेखी की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान एलआईसी कर्मचारियों ने निगम में क्लास थ्री और क्लास फोर श्रेणी में नई भर्तियां किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि कर्मचारियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है, जिससे कार्य का दबाव बढ़ रहा है। इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन रिवीजन और कर्मचारियों के सेवा हितों की सुरक्षा की भी मांग की गई।

यह आंदोलन केवल वाराणसी तक सीमित नहीं रहा। मंडल के अंतर्गत आने वाले बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र और जौनपुर सहित कुल आठ जिलों में भी कर्मचारियों ने एक साथ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
सभा को संगठन के अध्यक्ष नारायण चटर्जी और महामंत्री सुमंत कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शन में जितेंद्र कुमार, शैलेन्द्र मेहरोत्रा, अशोक कुमार, संतोष कुमार, अभिरुप, आरती श्रीवास्तव, संगीता गुप्ता, रीता देवी, भानू श्रीवास्तव, वीरेश मजूमदार, पूर्व महामंत्री सागर चटर्जी और राकेश गुजराती सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

