बिहार से चंदौली के रास्ते बनारस पहुंचा तेंदुआ, 12 गांवों में सर्च ऑपरेशन

वाराणसी। चिरईगांव इलाके में दहशत का पर्याय बन चुका तेंदुआ बिहार से चंदौली होते हुए नदी के रास्ते वाराणसी पहुंचा है। उसके हमले में तीन लोग घायल हो चुके हैं। वन विभाग की ओर से 50 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर 12 गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक तेंदुए का पता नहीं चल सका है। ऐसे में नदी किनारे के गांवों के ग्रामीण खौफ के साये में जीने को विवश हैं।
वाराणसी में चार दिन पहले तेंदुआ देखा गया। उसने तीन लोगों पर हमलाकर जख्मी कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुआ था। इसकी जानकारी के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आई। नदी के किनारे के गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई। वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो तेंदुए की उम्र लगभग तीन साल है। वह बिहार से भटककर नदी के रास्ते चंदौली होते हुए वाराणसी पहुंचा है।
वन विभाग की ओर से तीन शिफ्टों में 50 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं तेंदुए की गतिविधि को कैद करने के लिए ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं। हालांकि तेंदुए को लेकर लोगों में भय है। किसानों खेतों की रखवाली करने नहीं जा रहे। वहीं बच्चों को भी घर से नहीं निकलने दे रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।