आखिरकार पकड़ा गया वाराणसी में दहशत फैलाने वाला तेंदुआ
कैंट क्षेत्र में कई दिनों से चल रही थी तलाश, बकरी को शिकार बनाने के लिए पिंजरे में घुसते ही गिरा शटर, कई बकरियों को बना चुका था निवाला
वाराणसी। कैंट क्षेत्र में पिछले करीब दो सप्ताह से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। कई दिनों की मशक्कत और लगातार निगरानी के बाद वन विभाग की टीम को सफलता मिली। बकरी को शिकार बनाने के लिए जैसे ही तेंदुआ पिंजरे में दाखिल हुआ, उसका शटर गिर गया और वह अंदर कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

कैंट क्षेत्र में करीब दो सप्ताह पहले तेंदुआ देखे जाने के बाद से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल था। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे थे। तेंदुए के हमले में कई बकरियों के शिकार होने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में जाल और पिंजरा लगाया था। टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
स्थानीय निवासी पॉल जेनिया ने बताया कि तेंदुए की दहशत के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। वह कई बकरियों को अपना शिकार बना चुका था। वन विभाग की टीम ने पिंजरे की मरम्मत कर उसे लगाया था। बकरी को खाने के लिए जैसे ही तेंदुआ पिंजरे के अंदर पहुंचा, शटर गिर गया और वह पकड़ा गया।

उच्चाधिकारियों से मांगी गई अनुमति
डीएफओ निधि चौहान ने तेंदुए के पकड़े जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। वहां से जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


