लक्सा पुलिस का त्वरित एक्शन, पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसके ही फोन से पुलिस को सूचना दी। उसके बाद फरार हो गया था। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

जानकारी के अनुसार, 29/30 अप्रैल की रात को औरंगाबाद इलाके में रहने वाले मनोज शर्मा (उम्र करीब 50 वर्ष) ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना लक्सा में मुकदमा संख्या 59/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध व थाना प्रभारी लक्सा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने 1 मई 2026 को हरिश्चंद्र घाट क्षेत्र से आरोपी मनोज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लक्सा लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

कार्रवाई में थाना प्रभारी राजू कुमार, उपनिरीक्षक प्रमोद कुशवाहा (चौकी प्रभारी औरंगाबाद), उपनिरीक्षक सुमित कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय, उपनिरीक्षक शिवम यादव, कांस्टेबल इन्द्रभान यादव और कांस्टेबल विकास कुमार की अहम भूमिका रही।

Share this story