जमीन विवाद में फायरिंग से मचा हड़कंप, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लंका थाने पहुंचे वकील, जताया आक्रोश
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर इलाके में जमीन विवाद को लेकर अधिवक्ता सुरेंद्र यादव पर हुए कथित जानलेवा हमले और फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में वकील लंका थाने पहुंच गए और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
पीड़ित अधिवक्ता सुरेंद्र यादव के अनुसार, सीर गोवर्धनपुर स्थित उनकी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोग पहुंचे थे। आरोप है कि गिरधारी सिंह पटेल अपने साथियों के साथ मौके पर आया और विवादित जमीन पर निर्माण संबंधी गतिविधियां शुरू कर दीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

सुरेंद्र यादव ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे वह अपने मित्र शैलेन्द्र कुमार राय के साथ काशीपुत्र कॉलोनी स्थित प्लॉट पर पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि प्लॉट तक जाने वाले रास्ते को ईंटों की दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है। जब उन्होंने रास्ता अवरुद्ध किए जाने का विरोध किया और उसे हटाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दो आरोपितों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। अधिवक्ता ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग पहले से रंगदारी की मांग कर रहे थे और विरोध करने पर उनके तथा उनके मित्र के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता लंका थाने पहुंच गए और दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
मामले में एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरधारी सिंह पटेल नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

