हल्दी के रंग में रंगा लाट भैरव दरबार, मंगलगीतों पर झूमीं महिलाएं, वैवाहिक उत्सव में बाबा को लगी हल्दी, युवतियों ने मांगा मनचाहा वर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महादेव की काशी में बाबा लाट भैरव के विवाहोत्सव की उमंग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गुरुवार को मांगलिक आयोजनों की कड़ी में हल्दी उत्सव मनाया गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पीले परिधान में पहुंचीं और बाबा लाट भैरव के विग्रह पर हल्दी का लेपन किया। इसके बाद बाबा को चढ़ाई गई हल्दी को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।

हल्दी उत्सव के दौरान वैवाहिक लोक परंपराओं की भी झलक देखने को मिली। नवयुवतियों ने बाबा से मनवांछित वर की कामना की, जबकि सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। पूरे दरबार में मांगलिक गीतों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

123

कार्यक्रम का शुभारंभ लोकगीत गायन टोली ने गणेश वंदना से किया। हारमोनियम की मधुर धुन, ढोलक की थाप और मंजीरों की झंकार के बीच महिलाओं ने कई पारंपरिक मंगलगीत प्रस्तुत किए। गीत-संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने नृत्य कर बाबा के दरबार में अपनी आस्था प्रकट की। देर रात तक मंगलगीतों का सिलसिला चलता रहा।

आयोजकों के अनुसार, विवाहोत्सव के इन कार्यक्रमों में काशी की पारंपरिक लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। समिति की ओर से बताया गया कि शुक्रवार को बाबा लाट भैरव के विवाहोत्सव की अगली रस्म के तहत मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

123

हल्दी उत्सव में तारा जायसवाल, बीना जायसवाल, ज्योति देवी, सृष्टि वर्मा, अरोमा जायसवाल, प्रियंका जायसवाल, पूनम सिंह, माला यादव, शिखा सिंह, सीमा सिंह, साधना गुप्ता, बबीता कुशवाहा, मनाली कुशवाहा, मंजू देवी और शालिनी जायसवाल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Share this story