15 जुलाई तक टैक्स छूट का अंतिम अवसर, वाराणसी में शनिवार-रविवार को भी खुलेंगे नगर निगम के टैक्स काउंटर
वाराणसी। गृहकर, जलकर और सीवरकर पर मिल रही छूट का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 15 जुलाई को टैक्स में छूट की अंतिम तिथि को देखते हुए इस सप्ताह के द्वितीय शनिवार (11 जुलाई) और रविवार (12 जुलाई) को भी नगर निगम के सभी टैक्स कलेक्शन काउंटर खुले रहेंगे। सरकारी अवकाश होने के बावजूद शहर के सभी जोनल कार्यालयों और सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में सामान्य कार्य दिवस की तरह कर संग्रह का कार्य किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था विशेष रूप से उन कामकाजी लोगों की सुविधा के लिए की गई है, जो सप्ताह के सामान्य दिनों में व्यस्तता के कारण टैक्स जमा नहीं कर पाते। अब वे अवकाश के दिनों में भी आसानी से अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान कर सकेंगे। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को गृहकर, जलकर और सीवरकर पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। निर्धारित तिथि के बाद यह छूट समाप्त हो जाएगी और उपभोक्ताओं को पूरा कर बिना किसी रियायत के जमा करना होगा। इसलिए नागरिकों को समय रहते कर जमा करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ने डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा दिया है। जो लोग कार्यालय नहीं आना चाहते, वे घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड अथवा क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम के आधिकारिक व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 86018 72601 पर केवल 'Hi' भेजकर डिजिटल बिल प्राप्त किया जा सकता है और वहीं से सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है।
नगर आयुक्त ने बताया कि ऑनलाइन या डिजिटल माध्यम से कर जमा करने वाले उपभोक्ताओं को 2 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट भी दी जा रही है। इस प्रकार समय सीमा के भीतर डिजिटल भुगतान करने पर कुल 12 प्रतिशत तक की रियायत का लाभ मिल सकता है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि छूट की अवधि समाप्त होने से पहले अवकाश के दिनों में उपलब्ध कराई गई इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं, समय से अपना कर जमा करें और भविष्य में लगने वाली पेनाल्टी से बचें।

