बाबतपुर एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर के दायरे में लेजर लाइट पर प्रतिबंध, शादी-विवाह व अन्य आयोजनों में नहीं होगा प्रयोग
वाराणसी। बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के 10 किलोमीटर के दायरे में लेजर लाइट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। विमानन सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में अब एयरपोर्ट के आसपास शादी समारोह व अन्य आयोजनों के दौरान लेजर लाइट का प्रयोग नहीं हो पाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है।
मंगलवार को एयरपोर्ट के कॉंफ्रेंस हॉल में अधिकारियों की मीटिंग हुई। इसमें लेजर लाइट के प्रयोग से विमानों के परिचालन में होने वाली दिक्कतों पर मंथन किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइटों के प्रयोग पर प्रतिंबध लगाना जरूरी है।
दरअसल, विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ के दौरान लेजर लाइट की किरणें विमानों के कॉकपिट तक पहुंचती हैं। इससे पायलटों को काफी दिक्कतें होती हैं। तेज रोशनी के चलते रनवे और आसपास के इलाकों को देखने में मुश्किल होती है। इससे गंभीर खतरा बना रहता है। आगामी दिनों में शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में लेजर लाइट के प्रयोग पर प्रतिबंध जरूरी है।

