गंगा में बड़ी मोटर बोट संचालन की अनुमति, चप्पू वाली नावों पर रोक जारी, निर्धारित अवधि के बीच होगा संचालन, जानिये गाइडलाइन 

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा का जलस्तर कम होने और परिस्थितियों में सुधार के बाद वाराणसी में शुक्रवार, 9 अक्तूबर से बड़ी मोटर बोट के संचालन की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से हाथ से चलने वाली नावों के संचालन पर रोक जारी रहेगी। प्रशासन ने मोटर बोट संचालकों के लिए समय सीमा निर्धारित करने के साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि बड़ी मोटर बोट का संचालन सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक ही किया जा सकेगा। निर्धारित समय के अलावा नाव चलाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले नाव संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोटर बोट पर दो तैराक नाविकों का मौजूद रहना अनिवार्य होगा। नाव पर सवार सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों को लाइफ जैकेट पहननी होगी। बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को मोटर बोट पर बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

क्षमता से आधे यात्रियों को ही अनुमति
प्रशासन ने मोटर बोट की निर्धारित क्षमता के मुकाबले केवल आधे यात्रियों को बैठाने की अनुमति दी है। इसका उद्देश्य नावों पर अधिक भार होने से रोकना और आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अलावा प्रत्येक मोटर बोट में रस्सा, लाइफ बॉय समेत पर्याप्त सुरक्षा उपकरण रखना अनिवार्य किया गया है।

मौसम बिगड़ने पर फिर लग सकती है रोक
एसीपी ने बताया कि खराब मौसम और गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण पहले नाव संचालन पर रोक लगाई गई थी। अब जलस्तर घटने और परिस्थितियों में सुधार के बाद बड़ी मोटर बोट के संचालन की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। मौसम या गंगा के जलस्तर की स्थिति दोबारा प्रतिकूल होने पर नाव संचालन के संबंध में फिर से निर्णय लिया जा सकता है।

Share this story