युवक को मौत के मुंह से खींच लाई लंका पुलिस, तत्परता दिखाते हुए बचाई जान
वाराणसी। लंका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या की आशंका के बीच एक 28 वर्षीय युवक की जान बचाकर संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय दिया। बिहार के कैमूर जिले का निवासी युवक दो दिन पहले वाराणसी घूमने आया था। इस दौरान परिजनों ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसी बीच युवक ने अपने भाई के मोबाइल पर एक संदेश भेजा, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात लिखी थी। संदेश मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तत्काल लंका थाना पुलिस से मदद मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक हर नारायण सिंह ने तत्काल थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा को जानकारी दी। थाना प्रभारी के निर्देश पर लंका थाना की क्राइम ब्रांच टीम ने बिना देर किए सर्विलांस की सहायता से युवक की लोकेशन ट्रेस कर लिया। पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम रहा कि महज आधे घंटे के भीतर युवक को सुरक्षित खोज लिया गया और उसे थाने लाया गया। वहां पुलिस अधिकारियों ने उससे बातचीत कर उसकी काउंसिलिंग की, मानसिक रूप से संभाला और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
युवक के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरी कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए लंका पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बचाया जा सका।

