लंका पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 9 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 9 ग्राम हेरोइन बरामद की है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में शनिवार को थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी।

गश्त के दौरान पुलिस टीम जब सामनेघाट से मदरवा मार्ग की ओर पहुंची तो शिवाजी नगर कॉलोनी, छित्तूपुर स्थित बड़ी फील्ड के पास एक खंडहर के निकट दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख तीनों वहां से तेजी से निकलने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि वह अपने साथी मनोज चौरसिया के साथ सुनैना मौर्या से हेरोइन खरीदता था। इसके बाद दोनों उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में बेचते थे। शनिवार को भी वे हेरोइन खरीदने के लिए ही वहां पहुंचे थे, लेकिन पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय श्रीप्रकाश उपाध्याय, लंका थाना क्षेत्र के शिवराज नगर कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय मनोज चौरसिया तथा सामनेघाट स्थित शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय सुनैना मौर्या के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 0317/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक राज कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नगवां उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक स्वप्निल सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा, थाना लंका पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

Share this story