काशी गंगा महोत्सव में नवांकुर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, अस्सी घाट पर उमड़ी दर्शकों की भीड़, भावविभोर हुए दर्शक
वाराणसी। अस्सी घाट पर तीन दिवसीय काशी गंगा महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को नवांकुर कलाकारों की प्रतिभा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दिन महोत्सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ घाट पर उमड़ी। युवा कलाकार पंडित अंशुमान महाराज के नेतृत्व में मंच पर अपनी कलाओं का प्रदर्शन करने पहुंचे।

दिन की शुरुआत कत्थक नृत्य से की गई, जिसे सौरभ त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। इसके बाद पूजा बसाक के गायन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मयंक और तनु ने अपनी गायकी से समां बांधा, और अदिति ठाकुर और हरिकाश्री काशी ने मिलकर सुंदर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया। इसके अलावा, सनबीम ग्रुप की छात्राओं ने लोक नृत्य का प्रदर्शन कर माहौल को जीवंत बना दिया, वहीं उन्नति डे ने अपने नृत्य से कार्यक्रम को और भी रंगीन बना दिया। सितार वादन में श्रावणी विश्वास की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
देखें तस्वीरें -

इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, भाजपा उपाध्यक्ष गीता शास्त्री और प्रमोद मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नवांकुर कलाकारों को उनके योगदान के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। महोत्सव का समापन चौथे दिन नमो घाट पर किया जाएगा।










