पुलिस लाइन में निर्माणाधीन भवन से गिरकर मजदूर की मौत, ठेकेदार हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन में काम कर रहे एक मजदूर की छठी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

निर्माणाधीन भवन में बकेट क्रेन के जरिए नीचे से बालू ऊपर भेजा जा रहा था। इसी दौरान काम कर रहे मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह क्रेन में फंसकर नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बिहार के अररिया के जॉकी हाट निवासी इफ्तिखार (21 वर्ष।)  के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए यहां मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी दो वर्ष पहले हुई थी और एक वर्ष का बच्चा भी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार और पीडब्ल्यूडी की एई श्वेता रंजन पहुंचीं। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी वरुणा जोन ने बताया कि निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story