अन्नपूर्णा मंदिर का कुंभाभिषेक : शंकराचार्य ने किया सूर्य पूजन, स्वर्ण शिखर को नमन, गूंजते रहे वेदमंत्र

वाराणसी। मां अन्नपूर्णा मंदिर का कुंभाभिषेक का महाअनुष्ठान चल रहा है। चौथे दिन श्रृंगेरी शंकराचार्य विंधु शेखर भारती मंदिर पहुंचे। उन्होंने स्वर्ण कलश को नमन किया। वहीं सूर्य पूजन किया। इस दौरान वेद मंत्र गूंजते रहे।
शंकराचार्य ने मंदिर आगमन से पहले ढुंढिराज गणेश का दर्शन किया। इसके बाद मंदिर पहुंचे। उन्होंने 30 मिनट तक सूर्य पूजन किया। वहीं स्वर्ण कलश को नमन किया। शंकराचार्य के मंदिर पहुंचने पर महंत शंकरपुरी ने उन्हें रजत कलश भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद शंकराचार्य ने मंदिर में चल रहे अनुष्ठान का अवलोकन किया। वहीं मंदिर परिसर का भ्रमण कर निरीक्षण किया।
शंकराचार्य ने मां अन्नपूर्णा को नमन कर वस्त्र अर्पित किए। मंदिर में सूर्य नारायण के विग्रह का साविधि दर्शन-पूजन किया। मंदिर का निरीक्षण करते हुए छत पर जाकर स्वर्ण शिखर को निहारा और नमन किया। कुंभाभिषेक में शंकराचार्य के सानिध्य में अधिवास, हवन, पंचवर्विशांति कलशों द्वारा महास्वपन के बाद बखाधिवास आदि का अनुष्ठान चल रहे हैं।
इसके अलावा धान्याधिवास, फलाधिवास आदि अधिवासन हुए। वहीं अनुष्ठान के तहत केदारघाट स्थित श्रृंगेरी मठ में महारुद्र यज्ञ भी आरंभ हुआ। वैदिक ब्राह्मणों की ओर से मंत्रोच्चार के साथ समस्त अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं।