खरमास समाप्त, आज से शुरू होंगे मांगलिक कार्य, शादियों के मुहूर्त अक्षय तृतीया से, जून में सबसे तगड़ा लगन 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंगलवार को खरमास समाप्त होने के साथ ही बुधवार से मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। अक्षय तृतीया से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे, जिसके साथ शादी-ब्याह और अन्य शुभ कार्यों का सिलसिला तेज हो जाएगा।

मेष संक्रांति से बदला संयोग
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय और आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री के अनुसार, सूर्य के मेष संक्रांति में प्रवेश के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। हालांकि विवाह के लिए शुभ मुहूर्त अक्षय तृतीया से ही प्रभावी होंगे।

शादियों के शुभ मुहूर्त की स्थिति
इस वर्ष अप्रैल और मई में कुल 13 दिन विवाह के लिए शुभ माने गए हैं। अप्रैल में 6, मई में 7, जून में 10 और जुलाई में 6 विवाह मुहूर्त उपलब्ध हैं। सबसे अधिक मांगलिक कार्य ज्येष्ठ मास में होने की संभावना है।

मलमास में लगेगा विराम
17 मई से पुरुषोत्तम मास (अधिमास/मलमास) शुरू होने के कारण विवाह जैसे मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। यह अवधि 15 जून तक चलेगी, जिसके बाद पुनः शुभ कार्य प्रारंभ होंगे।

चातुर्मास में भी रुकेंगे मांगलिक कार्य
15 जून के बाद 24 जुलाई तक मांगलिक कार्य संपन्न होंगे, लेकिन 25 जुलाई से चातुर्मास शुरू हो जाएगा। इस दौरान चार माह तक विवाह और अन्य शुभ कार्यों पर फिर से रोक लग जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस अवधि में भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, इसलिए शुभ कार्य नहीं किए जाते।

Share this story