फसाड लाइट से जगमग होंगे काशी के गंगा घाट, 21 करोड़ की योजना 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी के प्रमुख मंदिरों, गंगा घाटों और ऐतिहासिक भवनों को अब आकर्षक फसाड लाइट से रोशन किया जाएगा। पर्यटन विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से जिले के 20 प्रमुख स्थलों पर विशेष लाइटिंग की योजना है। 

इस योजना के लागू होने के बाद रात के समय गंगा घाटों, मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों का नजारा और भी भव्य व आकर्षक हो जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अद्भुत अनुभव मिलेगा। पर्यटन विभाग का मानना है कि इससे वाराणसी की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।

इन स्थलों पर लगेगी फसाड लाइटें
दुर्गा कुंड मंदिर, पंच पंचेश्वर महादेव मंदिर, मानस मंदिर, काल भैरव मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, दशाश्वमेध घाट, मणिकर्णिका घाट, अस्सी घाट, ललिता घाट, सिंधिया घाट, पंचगंगा घाट, चेतसिंह किला, विजयनगरम पैलेस, मुंशी घाट स्थित पंपिंग स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थल शामिल हैं।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य काशी की प्राचीन विरासत को संरक्षित करते हुए उसे आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करना है। फसाड लाइटिंग के जरिए मंदिरों और घाटों की वास्तुकला को खास तरीके से उभारा जाएगा, जिससे उनकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता और निखरकर सामने आएगी।

Share this story