काशी के ‘एवरग्रीन जिलाधिकारी' IAS कौशल राज शर्मा को नई जिम्मेदारी: दिल्ली LG के सचिव बने
वाराणसी। वाराणसी के लोकप्रिय जिलाधिकारी और मंडलायुक्त रहे 2006 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी कौशल राज शर्मा को नई अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे दिल्ली जल बोर्ड के CEO के पद पर कार्यरत थे।
संबंधित खबर : IAS Kaushal Raj Sharma : कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य ना खोने वाले DM रहे, काशी की जनता शायद ही इन्हें भूल पाए
दिल्ली में बढ़ी जिम्मेदारी, प्रशासनिक अनुभव का मिला लाभ
कौशल राज शर्मा वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे हैं। दिल्ली जल बोर्ड में CEO के रूप में उनकी भूमिका के बाद अब उन्हें LG सचिव बनाया जाना उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता का प्रमाण माना जा रहा है।
वाराणसी में रहा प्रभावशाली कार्यकाल
वाराणसी में जिलाधिकारी और बाद में मंडलायुक्त रहते हुए कौशल राज शर्मा ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। खासकर कोरोना काल के दौरान उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्थाएं काफी प्रभावी रहीं, जिसकी आम जनता ने भी सराहना की।
लोगों के बीच बनी मजबूत पहचान
काशी में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और बेहतर प्रशासनिक फैसलों के कारण वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। आज भी वाराणसी में उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है।
वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी भी संभाली
कौशल राज शर्मा वाराणसी के 57वें जिलाधिकारी रहे और बाद में उन्हें वाराणसी मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया। इस मंडल में वाराणसी के साथ गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर जनपद शामिल हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को मजबूती दी।

