योगी सरकार की तैयारियों से जगमगाएगी काशी की देव दीपावली

WhatsApp Channel Join Now

11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे घाट, कुंड और गंगा पार का रेतीला क्षेत्र

2100 स्वदेशी ड्रोन, लेजर शो और हरित आतिशबाजी होंगे मुख्य आकर्षण

10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा और सुगम दर्शन के पुख्ता इंतजाम

मंगलवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह होंगे मुख्य अतिथि

वाराणसी, 23 नवंबर। काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर जब लाखों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होते हैं और गंगा की लहरों पर उनकी रोशनी झिलमिलाती है, तो ऐसा लगता है मानो आसमान के तारे धरती पर उतर आए हों। घाटों पर गूंजते मंत्र, मां गंगा की भव्य आरती और दीपों की अलौकिक छटा देवाधिदेव महादेव की नगरी को अद्भुत आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करती है। इसी दिव्य दृश्य का साक्षी बनने के लिए मंगलवार को देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने देव दीपावली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इस वर्ष 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन का अनुमान है। देव दीपावली-2026 में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

योगी सरकार की तैयारियों के तहत गंगा के घाटों से लेकर कुंडों, तालाबों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र तक 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। शहर के प्रमुख भवनों पर आकर्षक विद्युत सजावट, तिरंगा स्पाइरल लाइटिंग और सांस्कृतिक आयोजनों से काशी उत्सव के रंग में नजर आएगी। इस बार पारंपरिक दीपोत्सव के साथ 2100 स्वदेशी ड्रोन, लेजर शो और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी भी आयोजन को खास बनाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और दर्शन के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

123

11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट, कुंड और गंगा पार

उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों तटों पर फैले काशी के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता के माध्यम से पांच लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें करीब 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीप शामिल होंगे। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के सहयोग से 3.5 लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं, शहर के 103 कुंडों पर समितियों के माध्यम से 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। इस तरह घाटों, कुंडों और गंगा पार के क्षेत्र में दीपों की रोशनी से पूरी काशी आलोकित होगी। घाटों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलन का समय शाम 5:15 से 5:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रमुख घाटों पर शाम 6 से 7 बजे तक मां गंगा की भव्य आरती होगी।

123

2100 स्वदेशी ड्रोन दिखाएंगे शिव तांडव, लेजर शो भी होगा आकर्षण

देव दीपावली पर गंगा पार का रेतीला क्षेत्र भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का साक्षी बनेगा। चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 25 मिनट का 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित होगा। इसके माध्यम से आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं, 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से होने वाला शो विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य आसमान में जीवंत होंगे। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में शाम 8 से 8:10 बजे तक 10 मिनट का यह आयोजन होगा। इसके बाद ललिता घाट के सामने गंगा पार रेत पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। भगवान शिव के भजनों की धुन पर पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी और आसमान में उभरते रंग-बिरंगे दृश्य दर्शकों को आकर्षित करेंगे।

123

घाटों से सरकारी भवनों तक विद्युत सजावट

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद काशी में पर्यटकों की आमद में वृद्धि हुई है। देव दीपावली पर शहर की इस सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को और भव्य रूप देने के लिए गंगा के घाटों के साथ प्रमुख सरकारी कार्यालयों, भवनों और होटलों को भी आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया जा रहा है। रंगोली, फसाड लाइटिंग और रंग-बिरंगी झालरों से शहर को उत्सवी स्वरूप दिया गया है। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए गंगा घाट क्षेत्र को 20 सेक्टरों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट और होम स्टे में भी पर्यटकों की आमद का असर दिखाई दे रहा है। वहीं, नावों, बजड़ों और क्रूज की लगभग सभी बुकिंग हो चुकी हैं।

काशी विश्वनाथ धाम में पुष्प सज्जा और दीपोत्सव

देव दीपावली के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थलों पर आकर्षक पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी और सायंकाल दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। ललिता घाट पर भी दीपदान का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम में सुगम दर्शन, सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाबा के दरबार में दीपों की रोशनी और पुष्पों की सजावट भक्तों को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति कराएगी।

दशाश्वमेध घाट की महाआरती में दिखेगा राष्ट्रीयता का संदेश

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध मां गंगा आरती को विशेष भव्यता प्रदान की जाएगी। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि महाआरती के लिए घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। धर्म और आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रीयता एवं सामाजिकता का संदेश देने वाली यह आरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित रहेगी। घाट पर निर्मित अमर जवान ज्योति की अनुकृति के समक्ष रीथ लेइंग किया जाएगा।
इस अवसर पर 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में मां गंगा की महाआरती करेंगी। शंखनाद और डमरुओं की गूंज से पूरा घाट भक्तिमय होगा। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को गंगा निर्मलीकरण और स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया जाएगा। गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर महाआरती और देव दीपावली महोत्सव का सीधा प्रसारण होगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु घर बैठे भी इस आयोजन के दर्शन कर सकेंगे।

151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक

प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' ने बताया कि अभिषेक के साथ मां गंगा की भव्य आरती भी होगी। गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन के लिए पूरे घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा।

काशी की विभूतियों की स्मृति में पुष्कर तालाब पर दीपदान

देव दीपावली पर पुष्कर तालाब में काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें भारतरत्न पं. मदन मोहन मालवीय, पद्मभूषण स्व. गिरिजा देवी, पर्यावरणविद् स्व. वीरभद्र मिश्र, पं. किशन महाराज, शहनाई सम्राट बिस्मिल्लाह खां, पंडित छन्नूलाल मिश्रा, स्व. पंडित जगन्नाथ त्रिपाठी, स्व. पंडित शारदा प्रसाद मिश्र, पंडित त्रिभुवन नाथ मिश्र और केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के पूर्व अध्यक्ष स्व. वागीश दत्त मिश्र सहित अन्य विभूतियों को स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक रामयश मिश्र ने बताया कि पुष्कर तालाब पर दीपदान के साथ भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की वेदपाठी बटुकों द्वारा भव्य आरती भी की जाएगी।

त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय से जुड़ी है मान्यता

ज्योतिषाचार्य पंडित ऋषि द्विवेदी के अनुसार, दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से उतरकर काशी के पवित्र गंगा घाटों पर अदृश्य रूप में आते हैं और मां गंगा की महाआरती में शामिल होते हैं। इसी मान्यता के कारण इस पर्व को देवताओं की दीपावली कहा जाता है। इस पर्व का उल्लेख शिव पुराण में मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक मास में त्रिपुरासुर नामक राक्षस के अत्याचारों से देवता परेशान थे। भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन उसका वध कर देवताओं को आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। एक अन्य मान्यता के अनुसार, काशी नरेश ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा शुरू की थी। समय के साथ यह परंपरा पूरे काशी क्षेत्र में विस्तारित हुई।

पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा आज काशी के प्रमुख घाटों, कुंडों और तालाबों तक पहुंच चुकी है। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से पितरों को शांति और श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है। भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष माने जाने वाले कार्तिक मास में काशी में भगवान शिव और मां गंगा की उपासना का भी विशेष महत्व है। यही वजह है कि लाखों श्रद्धालु इस अलौकिक दीपोत्सव और महाआरती का हिस्सा बनने के लिए काशी पहुंचते हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21956 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story