पंचगंगा घाट से शुरू हुई काशी की देव दीपावली की दुनिया में बनी वैश्विक पहचान, जानिए किसने रखी थी इस महापर्व की नींव
1985 में कुछ लोगों के सहयोग से जले थे हजारों दीप, काशी नरेश के प्रयास और जनभागीदारी से 84 घाटों तक पहुंचा उत्सव
इस बार 11 लाख दीप जलाने का लक्ष्य, दो लाख गोबर के दीपों से जगमग होगी गंगा पार की रेती
महारानी अहिल्याबाई होल्कर के ऐतिहासिक हजारा दीप स्तंभ से जुड़ी है देव दीपावली की प्राचीन विरासत
मंगला गौरी मंदिर के महंत पंडित नारायण गुरु ने आधुनिक स्वरूप देने में निभाई अहम भूमिका
नाविकों ने 50 प्रतिशत बुकिंग पूरी होने का किया दावा, नशामुक्ति होगी इस बार की थीम
वर्ष 1985 में पंचगंगा घाट पर सामूहिक दीपदान से मानी जाती है आधुनिक देव दीपावली की शुरुआत
महंत पंडित नारायण गुरु, बागीश दत्त और काशी नरेश के प्रयासों से आयोजन का हुआ विस्तार
महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने 18वीं शताब्दी में बनवाया था ऐतिहासिक हजारा दीप स्तंभ
गंगा पार रेती पर गोबर के दीपों से रोशनी करने की तैयारी, प्रदूषण कम करने की पहल
नाविकों की लगभग 50 प्रतिशत नावों की बुकिंग पूरी, प्रशासन से जल्द गाइडलाइन जारी करने की मांग
नशामुक्ति को बनाया जाएगा देव दीपावली का संदेश, शराब, गांजा और भांग से दूर रहने की अपील
रिपोर्ट - ओमकारनाथ
वाराणसी। देवताओं की नगरी काशी में दीपावली का उत्सव जब घरों की चौखट से निकलकर मां गंगा के अर्द्धचंद्राकार घाटों तक पहुंचता है तो उसका स्वरूप देव दीपावली बन जाता है। कार्तिक पूर्णिमा की रात लाखों दीपों से जगमगाते घाट, गंगा की लहरों पर प्रतिबिंबित होती रोशनी, शंखनाद, घंटों की गूंज और भव्य गंगा आरती का दृश्य पूरी दुनिया को काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराता है। आज देव दीपावली अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल कर चुकी है, लेकिन इसकी शुरुआत किसी बड़े सरकारी आयोजन या भव्य मंच से नहीं, बल्कि पंचगंगा घाट पर कुछ काशीवासियों की छोटी-सी पहल से हुई थी।
वर्ष 1985 में पंचगंगा घाट पर हजारों दीप जलाकर जिस सामूहिक आयोजन की नींव रखी गई, वह आज लाखों दीपों के महोत्सव में बदल चुका है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने में मंगला गौरी मंदिर के महंत पंडित नारायण गुरु, काशी नरेश, बागीश दत्त, संतों-महंतों और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं, इस बार 24 नवंबर को देव दीपावली पर काशी में 21 लाख दीप जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि गंगा पार रेती पर दो लाख दीप गाय के गोबर से तैयार किए गए हैं, जिन्हें पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ प्रज्वलित किया जाएगा।

पंचगंगा घाट पर कुछ लोगों की पहल से शुरू हुई आधुनिक देव दीपावली
काशी की देव दीपावली के आधुनिक स्वरूप की शुरुआत वर्ष 1985 में पंचगंगा घाट से मानी जाती है। मंगला गौरी मंदिर के महंत पंडित नारायण गुरु को इस आयोजन की नींव रखने का श्रेय दिया जाता है। बताया जाता है कि वर्ष 1984 में दुर्गा घाट पर दीप जलते देखकर उनके मन में विचार आया कि कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की परंपरा को केवल एक घाट तक सीमित रखने के बजाय गंगा के दूसरे घाटों तक भी पहुंचाया जाना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने स्थानीय दुकानदारों, युवाओं और नागरिकों को इस पहल से जोड़ना शुरू किया। लोग अपने घरों से दीपक, तेल और बाती लेकर आने लगे। कुछ लोगों ने चंदा एकत्र कर इस आयोजन में सहयोग दिया। वर्ष 1985 में पंचगंगा घाट और आसपास के घाटों पर हजारों दीप प्रज्वलित किए गए। सीमित संसाधनों में शुरू हुआ यह आयोजन धीरे-धीरे काशीवासियों के सामूहिक उत्सव का रूप लेने लगा।

देव दीपावली आयोजन से जुड़े उपाध्यक्ष गंगाधर उपाध्याय बताते हैं कि शुरुआत में लोग अपने घरों से दीपक, तेल और बाती लेकर आते थे। घाटों पर दीप जलाने के लिए चंदा भी एकत्र किया जाता था। धीरे-धीरे इसमें मां गंगा की आरती और दूसरे धार्मिक आयोजनों को भी जोड़ा गया। इससे लोगों का उत्साह बढ़ता गया और आयोजन का स्वरूप विस्तृत होता चला गया।
उन्होंने बताया कि काशी नरेश का इस आयोजन को आगे बढ़ाने में काफी योगदान रहा। बागीश दत्त ने भी देव दीपावली को स्थापित करने के लिए अथक प्रयास किया। वे स्वयं उनके साथ मिलकर इस आयोजन को आगे बढ़ाने में जुटे रहे। गंगाधर उपाध्याय के अनुसार वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के बाद आयोजन को नई दिशा मिली। मुख्यमंत्री ने दीप, तेल और बाती की व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिया, जिसके बाद आयोजन के लिए चंदा जुटाने की पुरानी व्यवस्था बंद कर दी गई।
महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने बनवाया था ऐतिहासिक हजारा दीप स्तंभ
पंचगंगा घाट की ऐतिहासिक पहचान देव दीपावली की प्राचीन परंपरा से भी जुड़ी हुई है। यहां स्थित हजारा दीप स्तंभ इस उत्सव की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसका निर्माण 18वीं शताब्दी में इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था। पत्थरों से बने इस विशाल दीप स्तंभ में एक साथ सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए जा सकते हैं।

देव दीपावली के संरक्षक महंत ब्रजकिशोर यादव के अनुसार, इस परंपरा की जड़ें महाभारत काल से जुड़ी हैं। उनका कहना है कि प्राचीन काल में युद्ध में शहीद हुए योद्धाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए काशी में दीप जलाने की परंपरा शुरू हुई थी। बाद में काशी नरेश ने इसे आगे बढ़ाया। महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने पंचगंगा घाट पर हजारा दीप स्तंभ बनवाकर दीप प्रज्वलन की परंपरा को विशेष स्वरूप दिया।
उन्होंने बताया कि अंग्रेजी शासनकाल में देव दीपावली का आयोजन लगभग विलुप्त हो गया था, हालांकि कार्तिक मास में हजारा दीप स्तंभ पर दीप प्रज्वलित किए जाते रहे। बाद में काशी नरेश स्वर्गीय विभूति नारायण सिंह के सहयोग से इसे फिर से व्यापक रूप देने का प्रयास किया गया।
काशी नरेश के सहयोग से फिर जीवंत हुई परंपरा
महंत ब्रजकिशोर यादव के अनुसार, पंचगंगा घाट पर काशी नरेश स्वर्गीय विभूति नारायण सिंह नियमित रूप से स्नान करने आते थे। इसी दौरान आयोजन से जुड़े लोगों ने उनसे कार्तिक पूर्णिमा की शाम घाट पर दीप जलाने का आग्रह किया। काशी नरेश ने इस आग्रह को स्वीकार किया और स्वयं घाट पर पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए। इसके बाद से यह परंपरा लगातार आगे बढ़ती चली गई।
आयोजन से जुड़े लोगों, संतों-महंतों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से धीरे-धीरे दूसरे घाट भी इस उत्सव से जुड़ने लगे। बाद में कुंडों, तालाबों और सरोवरों पर भी दीपदान शुरू किया गया। इससे कई उपेक्षित धार्मिक जलस्रोतों को नई पहचान मिली और उनके संरक्षण के प्रति लोगों की रुचि बढ़ी। समय के साथ देव दीपावली का विस्तार अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक हो गया। आज गंगा के घाटों के साथ मंदिरों, कुंडों, तालाबों और शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाते हैं।

दशाश्वमेध की महाआरती ने बढ़ाई वैश्विक पहचान
देव दीपावली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में दशाश्वमेध घाट की भव्य गंगा आरती की भी अहम भूमिका रही है। वर्ष 1991 में पंडित किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' और गंगोत्री सेवा समिति से जुड़ी पहल के बाद दशाश्वमेध घाट पर नियमित भव्य गंगा आरती का आयोजन शुरू हुआ। समय के साथ कार्तिक पूर्णिमा की शाम होने वाली विशेष महाआरती देव दीपावली का प्रमुख आकर्षण बन गई।
इस दिन गंगा तट पर विशेष पूजन, दीपदान और आरती के साथ देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। सेना के जवानों की ओर से शहीदों की स्मृति में बिगुल बजाकर श्रद्धांजलि दी जाती है। इससे यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का भी प्रतीक बन गया है।
इस बार गाय के गोबर से तैयार किए गए दो लाख दीप
देव दीपावली पर इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गाय के गोबर से बने दीपों का विशेष इस्तेमाल किया जाएगा। देव दीपावली के संयोजन मंडल के सदस्य पंकज अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष करीब दो लाख दीप गाय के गोबर से तैयार कराए गए हैं। इन दीपों को गंगा के दूसरी ओर रेतीले क्षेत्र में प्रज्वलित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन दीपों को तैयार करने का उद्देश्य प्रदूषण को कम करना और पर्यावरण के अनुकूल दीपोत्सव को बढ़ावा देना है। इसकी तैयारी लगभग छह महीने पहले शुरू कर दी गई थी। जैसे-जैसे देव दीपावली नजदीक आ रही है, तैयारियों में तेजी आ गई है। काशीवासियों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।

वहीं गंगाधर उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्ति संदेश को इस बार आयोजन की थीम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि देव दीपावली केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बननी चाहिए। इसे नशामुक्ति के आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
नाविकों ने 50 प्रतिशत बुकिंग पूरी होने का किया दावा
देव दीपावली पर गंगा में नौकायन और बजड़ों से दीपों से सजे घाटों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नाविक समाज भी कई महीने पहले से तैयारियों में जुट जाता है। नावों और बजड़ों की रंगाई-पुताई, सजावट और लाइटिंग का काम पहले ही शुरू कर दिया जाता है।
मां गंगा सेवा न्यास के संगठन मंत्री शंभू निषाद ने बताया कि देव दीपावली नाविकों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण अवसर होता है। इस दिन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को गंगा में नौकायन कराने और घाटों का विहंगम दृश्य दिखाने के लिए नाविक विशेष तैयारी करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार अभी तक लगभग 50 प्रतिशत नावों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि करीब 45 प्रतिशत नावें अभी बुक नहीं हुई हैं। हालांकि देव दीपावली में कुछ दिन शेष रहने के कारण नाविकों को उम्मीद है कि बाकी नावों की बुकिंग भी पूरी हो जाएगी।
शंभू निषाद ने प्रशासन से मांग की कि नाविकों के साथ जल्द बैठक कर नौकायन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि चप्पू वाली नावों को देव दीपावली के दिन संचालन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि अधिक भीड़ में इनसे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही गंगा में दो अलग-अलग नौकायन मार्ग निर्धारित किए जाएं, ताकि एक रास्ते से नावें आएं और दूसरे रास्ते से वापस जाएं।
उन्होंने नाविकों और पर्यटकों से अपील की कि देव दीपावली जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व पर शराब, गांजा, भांग अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करें। काशी की धार्मिक मर्यादा और गरिमा बनाए रखने में सभी सहयोग करें।
24 नवंबर को 21 लाख दीपों से जगमगाने का लक्ष्य
वर्ष 2026 में देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी। इस बार आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी है। प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से गंगा के घाटों, कुंडों, तालाबों और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों को दीपों से सजाने की योजना बनाई गई है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार गंगा के 88 पक्के घाटों पर लगभग पांच लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। गंगा के दूसरी ओर रेतीले क्षेत्र में करीब साढ़े तीन लाख दीपों से रोशनी की जाएगी। शहर के 103 कुंडों और तालाबों पर भी लगभग ढाई लाख दीप जलाने की तैयारी है। आयोजन से जुड़ी समितियों की ओर से इस बार कुल 21 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की ओर से पूर्व में दी गई जानकारी के अनुसार आयोजन में 11 लाख से अधिक दीपों के प्रज्वलन की व्यवस्था प्रस्तावित है। इनमें मिट्टी और गोबर से बने दीप शामिल हैं। आयोजन से जुड़े संयोजन मंडल की ओर से 21 लाख दीपों का लक्ष्य रखा गया है।
20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा गंगा महोत्सव
देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। संगीत, नृत्य और लोककला के माध्यम से काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने की भी तैयारी है।
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा की शाम सभी प्रमुख घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी, जबकि चेत सिंह घाट पर प्रक्षेपण और लेजर शो प्रस्तावित है। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने गंगा के ऊपर ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस वर्ष लगभग 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से आसमान में विभिन्न आकृतियां और विशेष दृश्य प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। काशी विश्वनाथ धाम के सामने हरित आतिशबाजी का आयोजन भी प्रस्तावित है।
सुरक्षा और यातायात के लिए दस जोन में बंटेगा घाट क्षेत्र
देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात का विशेष खाका तैयार किया है। घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 उपसेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर निगरानी के लिए 27 वॉच टावर स्थापित किए जाने की योजना है।
घाटों पर त्वरित कार्रवाई दल, गोताखोर और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था रहेगी। नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक दोतरफा जलमार्ग व्यवस्था बनाने की तैयारी है। इसके लिए पानी में तैरते हुए मार्ग संकेतक और मंच लगाए जाएंगे। नाविकों को भी सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त 20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। दीपदान के तत्काल बाद घाटों की सफाई कराने की व्यवस्था रहेगी, जिससे अगले दिन कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आस्था, जनसहयोग और विरासत का प्रतीक बनी काशी की देव दीपावली
पंचगंगा घाट पर कुछ लोगों की पहल से शुरू हुई देव दीपावली आज काशी की वैश्विक पहचान बन चुकी है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सरकारी विभागों के साथ घाट समितियां, संत-महंत, नाविक, व्यापारी, महिलाएं, स्वयंसेवी संस्थाएं और आम नागरिक भी अपनी भागीदारी निभाते हैं।
गंगाधर उपाध्याय के अनुसार, देव दीपावली को आज काशीवासियों ने अपना उत्सव बना लिया है। वहीं पंकज अग्रवाल के मुताबिक, छह महीने पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं और पर्व नजदीक आते ही हर तरफ उत्साह बढ़ने लगता है। नाविक समाज भी इसे काशी की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखता है।
एक ओर पंचगंगा घाट का हजारा दीप स्तंभ इस आयोजन की ऐतिहासिक जड़ों की याद दिलाता है तो दूसरी ओर गंगा के दोनों किनारों पर जगमगाते लाखों दीप काशी की आस्था और सामूहिक सहभागिता की कहानी कहते हैं। छोटी-सी पहल से शुरू हुई यह परंपरा आज दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर रही है। यही देव दीपावली की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

