पुष्प महोत्सव में 30 प्रजातियों के सात लाख फूलों से सजेगी काशी, बनेगी काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति

WhatsApp Channel Join Now

नौ से 14 जनवरी तक संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में होगा आयोजन

चार थीम जोन में दिखेगी काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत

वाराणसी। काशी जनवरी में सात लाख फूलों की खुशबू और रंगों से सराबोर होगी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में नौ से 14 जनवरी तक पुष्प महोत्सव-2027 का आयोजन किया जाएगा। इसमें 30 प्रजातियों के करीब सात लाख फूलों से काशी को सजाया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण फूलों से तैयार होने वाली काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति होगी। इस बार मंदिर का स्वरूप पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है।

पुष्प प्रदर्शनी-2027 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी समिति की बैठक हुई। इसमें आयोजन को भव्य बनाने के लिए स्थल की रूपरेखा, थीम आधारित जोन, फूलों की व्यवस्था, स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और प्रायोजन पर चर्चा की गई। प्रदर्शनी परिसर को चार अलग-अलग थीम जोन में सजाया जाएगा। इनमें काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान को दर्शाया जाएगा।

चार थीम जोन में दिखेगी काशी की विरासत
प्रदर्शनी का केंद्र दिव्य काशी जोन होगा। इसमें फूलों से काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति स्थापित करने का प्रस्ताव है। नव्य काशी जोन को हरित रंग में सजाया जाएगा। यहां आधुनिक विकास और नमो घाट जैसे नए स्वरूपों की झलक दिखाई जाएगी। रंगीला बनारस जोन में बनारसी पान, साड़ी, खानपान, कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, हरित काशी जोन में बनारसी आम, सब्जियों और काशी के हरित स्वरूप को दर्शाया जाएगा।

इसके अलावा परिसर के बैंक साइड हॉल में नर्सरी, फूलों के स्टॉल और फूड फेस्टिवल की व्यवस्था होगी। फूलों की ताजगी और आकर्षण बनाए रखने के लिए हर तीसरे दिन रात में फूलों की सजावट बदली जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उत्पादों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

किसानों और नर्सरी संचालकों को मिलेगा मंच
महोत्सव में स्थानीय किसानों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। पुष्पों की काशी थीम पर आधारित प्रदर्शनी में फूलों, फलों और शाकभाजी के माध्यम से काशी की विशेषता और महत्ता प्रदर्शित की जाएगी।

उद्यान विभाग के निदेशक ने बताया कि वर्ष 2011 से राजकीय अलंकृत उद्यान, कचहरी परिसर में प्रतिवर्ष पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की जाती रही है। यह मुख्य रूप से दो भागों, 18 वर्गों और 154 श्रेणियों में विभाजित होती है। पिछले वर्ष आयोजित प्रदर्शनी में 243 प्रतिभागियों ने 3527 प्रविष्टियां प्रस्तुत की थीं। इस बार आयोजन को और व्यापक एवं आकर्षक बनाने की तैयारी है।

BK Pathak
BK Pathak

22064 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story