शंखनाद से गूंजा काशी विश्वनाथ धाम, 151 बटुकों ने पीएम ने किया भव्य स्वागत
वाराणसी। काशी उस अलौकिक क्षण की साक्षी बनी, जब देश के प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। उनके आगमन से पूर्व ही पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों और शंखनाद की गूंज से आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य विद्यालय के 151 बटुकों ने एक साथ शंखनाद और वेद मंत्रों का उच्चारण कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वातावरण में गूंजती ऋचाओं और शंखध्वनि ने ऐसा दिव्य माहौल बना दिया, मानो पूरा काशी धाम भक्तिमय हो उठा हो। इस भव्य और आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर प्रधानमंत्री ने रुककर बटुकों की ओर मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

इसके बाद वे बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में दर्शन-पूजन के लिए प्रवेश कर गए। इस दौरान उनके चेहरे पर काशी और सनातन परंपरा के प्रति गहरी आस्था साफ झलक रही थी। दर्शन के उपरांत मंदिर के महंत शंकर पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा, “जिस निष्ठा से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को सशक्त किया जा रहा है, वह सराहनीय है। बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि राष्ट्र इसी प्रकार धर्म और विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।” इस अवसर पर प्रदीप श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्र सहित विद्यालय से जुड़े अन्य लोग भी मौजूद रहे।



