छावनी में तब्दील हुआ काशी विद्यापीठ, कई थानों की फोर्स तैनात, छात्रों के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट
वाराणसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर सोमवार को पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी।

विश्वविद्यालय परिसर और उसके आसपास करीब पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एडीसीपी और संबंधित एसीपी भारी पुलिस बल के साथ पूरे समय विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद रहे और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी।

मुख्य प्रवेश द्वारों, संवेदनशील स्थानों और छात्र गतिविधियों वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में लगातार पुलिस की गश्त जारी रही। अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में संयम के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

छात्र संगठनों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलन का आह्वान किया था। इसे देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में रहा, ताकि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।





देखें वीडियो

