मई में वियतनाम जाएगा काशी विद्यापीठ के शिक्षकों का दल, अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की पहल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी विद्यापीठ के शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल मई माह में वियतनाम दौरे पर जाएगा। यह दौरा दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के साथ अकादमिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

हो ची मिन्ह सिटी स्थित University of Economics and Finance के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) के तहत संयुक्त शोध परियोजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इस पहल से फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम को बढ़ावा मिलेगा और दोनों संस्थानों के बीच सहयोग का दायरा विस्तारित होगा। आठ शिक्षकों का दल मई के दूसरे सप्ताह में वियतनाम दौरे पर जाएगा। 

काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग की ओर से इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने एक बैठक के दौरान बताया कि यह दौरा शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने का अवसर देगा और शोध कार्यों में नई दिशा प्रदान करेगा। शिक्षकों को इसकी कार्ययोजना तैयार करने और उस पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। 

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत इस योजना को अमल में लाया जा रहा है। बैठक में विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ शिक्षकों की उपस्थिति में दौरे की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस पहल से काशी विद्यापीठ के शैक्षणिक स्तर और वैश्विक पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share this story