काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 से 28 जुलाई के बीच, पांच दिन तक चलेगा महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को 25 से 28 जुलाई के बीच कराने का प्रस्ताव राजभवन को भेज दिया है। प्रस्ताव में कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को तीन संभावित तिथियां भेजी गई हैं, जिनमें से किसी एक पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार राजभवन से स्वीकृति मिलने के बाद दीक्षांत समारोह की आधिकारिक तिथि घोषित कर दी जाएगी। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने बताया कि जुलाई माह में ही प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह प्रस्तावित हैं, इसलिए तिथियों का समन्वय करते हुए प्रस्ताव भेजा गया है।

इस बार दीक्षांत समारोह को भव्य रूप देने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य समारोह से पहले पांच दिवसीय “दीक्षांत महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया जा रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक मुख्य अतिथि के चयन, पदक एवं पुरस्कारों की सूची तैयार करने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर तेजी से काम चल रहा है। साथ ही समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सूची भी अंतिम चरण में है।

उधर, परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य को भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि दीक्षांत समारोह में किसी प्रकार की बाधा न आए। विश्वविद्यालय ने जून तक सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए परीक्षा विभाग लगातार कार्य कर रहा है और शिक्षकों को समयबद्ध मूल्यांकन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this story