सप्ताह में दो दिन बंद रहेगा काशी विद्यापीठ, सुबह 9 से शाम 6 बजे तक होगा कार्य, जारी हुआ नया शेड्यूल
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अब सप्ताह में दो दिन अवकाश रहेगा, जबकि शेष पांच दिनों तक विश्वविद्यालय के कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नई कार्य व्यवस्था लागू करते हुए कार्यालयों के संचालन का संशोधित रोस्टर जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नई व्यवस्था के तहत शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। वहीं सोमवार से शुक्रवार तक सभी प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य निर्धारित समयानुसार संपादित किए जाएंगे। इसके अलावा दोपहर 2 से 3 बजे तक भोजनावकाश का समय निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री ने वर्चुअल बैठक में इसको लेकर निर्देश दिया था। उसके अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के आधार पर चलती रहेंगी। विश्वविद्यालय परिसर में आवासित सभी शिक्षक, अधिकारियों, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं से कक्षाओं और दफ्तर पैदल अथवा साइकिल से जाने को कहा गया है।

