काशी-तमिल संगमम 5.0: काशी से कन्याकुमारी तक एक सूत्र में बांधता है तिरुक्कुरल, बीएचयू में युवाओं को बताई महत्ता, केंद्रीय पुस्तकालय में लगेगी तमिल पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी 

WhatsApp Channel Join Now

काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत ‘युवा और तिरुक्कुरल : डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य’ विषय पर शैक्षणिक सत्र आयोजित, तमिल शिक्षकों व विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा 

पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री बोले- भाषाएं अनेक हैं, लेकिन भावनाएं एक, हिंदी की 27 बाल पुस्तकों के तमिल अनुवादित संग्रह का हुआ विमोचन

वाराणसी। काशी और कन्याकुमारी के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और भाषाई संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में रविवार को ‘युवा और तिरुक्कुरल : डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य’ विषय पर विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किया गया। काशी तमिल संगमम् 5.0 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों और शिक्षकों के पहले प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। सत्र में वक्ताओं ने तिरुक्कुरल की शाश्वत शिक्षाओं, भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषाई विविधता और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान हिंदी की 27 बाल पुस्तकों के तमिल अनुवादित संग्रह का विमोचन भी किया गया।

123

कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित चमू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ कन्याकुमारी से काशी तक सभी को एक सूत्र में जोड़ते हैं। भारतीय होने के नाते हम अनेक समानताओं के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यही विशेषता भारत को महान राष्ट्र बनाती है और यही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की मूल भावना है।

उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भाषा, संस्कृति, ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से लोगों को जोड़ने वाली शैक्षणिक यात्रा है। यह आयोजन देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं, विचारों और ज्ञान-विज्ञान को समझने का अवसर प्रदान करता है। विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानना चाहिए और विभिन्न ज्ञान परंपराओं से सीखना चाहिए

123

भाषाएं अनेक, भावनाएं एक : चमू कृष्ण शास्त्री
पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री ने भारतीय विविधता और राष्ट्रीय एकता के संबंध पर चर्चा करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां भले ही अलग हों, लेकिन उनके मूल मूल्य समान हैं। उन्होंने कहा, “हमारे राग अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन भक्ति एक ही है; भाषाएं अनेक हैं, लेकिन भावनाएं एक ही हैं; राज्य अनेक हैं, लेकिन भारत एक है।”

उन्होंने ‘विविधता में एकता’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को भारतीय समाज की सबसे बड़ी विशेषता बताया। कहा कि हमें क्षेत्र, भाषा और संस्कृति के आधार पर विभाजनकारी सोच से ऊपर उठकर उन साझा मूल्यों और संबंधों को पहचानना चाहिए, जो पूरे देश को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से काशी तक काशी विश्वनाथ का आध्यात्मिक संबंध भारतीय एकता का प्रतीक है।

123

युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के सामने देश के भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों को यह विचार करना चाहिए कि अगले 20 वर्षों में भारत की विकास यात्रा और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में उनका क्या योगदान हो सकता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और अपनी शिक्षा, कौशल एवं ज्ञान का उपयोग देश के विकास के लिए करने का आह्वान किया।

बीएचयू में तमिल पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी लगेगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों और वक्ताओं की सक्रिय सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् केवल तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों के लिए ही नहीं, बल्कि काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आपसी संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर है।

123

उन्होंने घोषणा की कि बीएचयू के केंद्रीय पुस्तकालय में तमिल भाषा की पुस्तकों, विशेष रूप से तिरुक्कुरल पर केंद्रित पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और तमिलनाडु से आए प्रतिनिधि तमिल साहित्य एवं ज्ञान परंपरा से परिचित हो सकेंगे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के साहित्यिक संसाधनों का अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया।

कुलपति ने बीएचयू की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व कुलपतियों डॉ. शिवस्वामी अय्यर और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बीएचयू की स्थापना से ही यह देशभर के प्रतिभाशाली विद्वानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को आकर्षित करने वाला प्रमुख शैक्षणिक केंद्र रहा है। उन्होंने तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों को विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक और कलात्मक संस्थाओं का भ्रमण करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

123

1330 कुरलों में समाहित है मानव जीवन का दर्शन
कार्यक्रम में इतिहास विभाग के प्रो. ए. गंगाथरन ने ‘राष्ट्रीय नैतिक ग्रंथ के रूप में तिरुक्कुरल : समकालीन भारतीय युवाओं के लिए इसकी प्रासंगिकता’ विषय पर मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल केवल तमिल साहित्य की महत्वपूर्ण रचना नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली सार्वभौमिक शिक्षाओं का संग्रह है।

उन्होंने बताया कि 1330 दोहों (कुरलों) में रचित यह ग्रंथ जीवन के लगभग प्रत्येक महत्वपूर्ण पक्ष को समाहित करता है। इसमें मानवाधिकार, मानवीय गरिमा, पारिवारिक सद्गुणों, सामाजिक जिम्मेदारियों और मानवीय संबंधों से जुड़े महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए गए हैं। इसकी शिक्षाएं समय और परिस्थितियों से परे आज भी प्रासंगिक हैं।

123

प्रो. गंगाथरन ने विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता से संबंधित तिरुक्कुरल की शिक्षाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सदियों पहले रचित इस ग्रंथ में ऐसे विचार मिलते हैं, जो आज के आधुनिक समाज के लिए भी मार्गदर्शक हैं। इसकी सार्वभौमिक शिक्षाएं विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक जीवन में ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में भी सही निर्णय लेने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं और बौद्धिक विचारों को एक साथ लाना आवश्यक है। इस दिशा में शैक्षणिक संस्थानों और युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। काशी तमिल संगमम् जैसे आयोजन देश की विभिन्न ज्ञान परंपराओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं।

123

भारतीय भाषाओं के ज्ञान को शिक्षा व्यवस्था में मिले प्रमुख स्थान
बीएचयू के अंग्रेजी विभाग के डॉ. उमेश कुमार ने ‘बदलती दुनिया में प्राचीन तमिल साहित्य का अध्ययन : हमारा तिरुक्कुरल’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपराओं को शिक्षा व्यवस्था में अधिक स्थान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं में उपलब्ध ज्ञान और साहित्य विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए तथा उसे उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

डॉ. कुमार ने कहा कि तिरुक्कुरल जैसी समृद्ध और जीवनोपयोगी शिक्षाओं से युक्त महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति होने के बावजूद भारतीय शिक्षा व्यवस्था में इसे अपेक्षित प्रमुखता नहीं मिल पाई है। उन्होंने मानसिकता और शिक्षा व्यवस्था को औपनिवेशिक प्रभावों से मुक्त करने की आवश्यकता भी बताई।

123

उन्होंने अनुवाद की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी साहित्यिक रचना का अनुवाद करते समय केवल मूल पाठ का अर्थ पहुंचाना पर्याप्त नहीं है। अनुवाद में उसकी साहित्यिक शैली, ध्वनि, भाव और काव्यात्मक सौंदर्य को भी सुरक्षित रखना चाहिए। तिरुक्कुरल को संक्षिप्त एवं स्मरणीय दोहों में व्यक्त गहन ज्ञान का संग्रह बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी शिक्षाओं को समझना आसान है और इन्हें दैनिक जीवन में अपनाया जा सकता है।

उन्होंने इसे ‘स्वर्ण मानक की उत्कृष्ट साहित्यिक कृति’ बताते हुए कहा कि वास्तविक शास्त्रीय साहित्य का महत्व समय बीतने के साथ कम नहीं होता, बल्कि उसकी प्रासंगिकता पीढ़ी दर पीढ़ी बनी रहती है।

123

हिंदी की 27 बाल पुस्तकों का तमिल में अनुवाद
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण हिंदी की 27 बाल पुस्तकों के तमिल भाषा में अनूदित संग्रह का विमोचन रहा। यह पहल भारतीय भाषाओं के बीच साहित्यिक आदान-प्रदान और बहुभाषी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन पुस्तकों का प्रकाशन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से किया गया है, जबकि इनका तमिल अनुवाद बीएचयू के भारतीय भाषा विभाग के तमिल विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने किया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री को अनूदित पुस्तकों के संग्रह की पहली प्रति भेंट की गई। इस पहल के माध्यम से हिंदी में उपलब्ध बाल साहित्य को तमिल भाषी बच्चों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। साथ ही यह दोनों भाषाओं के विद्यार्थियों के बीच साहित्यिक और सांस्कृतिक समझ विकसित करने में भी सहायक होगा।

123

बीएचयू और आईआईटी की शैक्षणिक यात्रा पर दिखाई गई वृत्तचित्र
सत्र के दौरान बीएचयू और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) की ओर से विशेष वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किए गए। इनमें दोनों संस्थानों की शैक्षणिक उपलब्धियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और काशी के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य में उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों और शिक्षकों को काशी की शैक्षणिक विरासत से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचयू के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन टी. के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रसिद्ध तमिल कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती को स्मरण करते हुए मानवता, समानता और सार्वभौमिक मूल्यों के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. लावण्या ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के संयोजक एवं बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने दिया। इस अवसर पर काशी तमिल संगमम् 5.0 के नोडल अधिकारी एवं भौतिकी विभाग के प्रो. आंचल श्रीवास्तव, समन्वयक डॉ. उमेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

तमिलनाडु के शिक्षकों के साथ अलग से हुआ संवाद
मुख्य शैक्षणिक सत्र के अतिरिक्त कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू के सेमिनार हॉल में तमिलनाडु से आए शिक्षकों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति में विद्यार्थियों तक तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को पहुंचाने की योजना प्रस्तुत की गई। शिक्षकों के साथ इस बात पर विचार-विमर्श हुआ कि प्राचीन तमिल साहित्य के नैतिक और जीवनोपयोगी संदेशों को आधुनिक शिक्षा तथा विद्यार्थियों के दैनिक जीवन से किस प्रकार जोड़ा जा सकता है।

इस तरह काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत आयोजित शैक्षणिक सत्र में साहित्य, भाषा, संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम ने उत्तर और दक्षिण भारत की ज्ञान परंपराओं के बीच संवाद को आगे बढ़ाने के साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय भाषाओं के समृद्ध साहित्य से जोड़ने का संदेश दिया।

BK Pathak
BK Pathak

22101 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story