काशी तमिल संगमम 5.0 : काशी में 28 नवंबर से सजेगा तमिल संस्कृति और ज्ञान का संगम, बीएचयू में 1750 प्रतिनिधियों के लिए होंगे विशेष शैक्षणिक सत्र
काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियां पूरी, सात समूहों में आएंगे तमिलनाडु के प्रतिनिधि
1500 से अधिक विद्यार्थी संभालेंगे आयोजन की जिम्मेदारी, 3000 विद्यार्थियों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल का ज्ञान
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। इसके लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस बार संगमम् की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलयोम' यानी 'तिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। आयोजन के दौरान बीएचयू परिसर में सात अलग-अलग समूहों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें तमिलनाडु से कुल 1750 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
काशी तमिल संगमम् के प्रमुख शैक्षणिक साझेदारों में बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) शामिल हैं। दोनों संस्थान विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और उनके संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सात समूहों में प्रत्येक में 250 सदस्य होंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के प्रतिनिधि, पेशेवर, कलाकार, महिला प्रतिनिधि, शास्त्रीय गायक, आध्यात्मिक शिक्षक और वक्ता शामिल होंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के विभिन्न स्थलों पर उनकी विशेषज्ञता और रुचि के अनुरूप शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, परंपराओं, साहित्य, दर्शन और सांस्कृतिक विरासत का आदान-प्रदान करना है। इसके माध्यम से एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत किया जाएगा। आयोजन से पहले आयोजित पत्रकार वार्ता में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि पहले संस्करण से ही काशी तमिल संगमम् का अभिन्न सहभागी होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यह आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच विचारों, परंपराओं और दर्शन के प्रवाह का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने व्यापक तैयारियां की हैं।
आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह आयोजन भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत और काशी-तमिलनाडु के प्राचीन सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है।
1500 विद्यार्थी संभालेंगे आयोजन की जिम्मेदारी
संगमम् को आमजन और युवाओं से जोड़ने के लिए बीएचयू में संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, आर्ट इंस्टॉलेशन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी और डिजिटल आर्ट जैसी गतिविधियां होंगी। इसके अलावा केटीएस यूथ क्विज और कैंपस कल्चरल फ्लैश का आयोजन किया जाएगा। 27 नवंबर को 'रन फॉर काशी तमिल संगमम् 5.0' आयोजित होगी। इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए 1500 से अधिक विद्यार्थी स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि इन गतिविधियों से युवाओं को अपनी रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
तीन शहरों में 50 शिक्षक पढ़ाएंगे तिरुक्कुरल
संगमम् के तहत तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक के रूप में तैनात होंगे। इनके माध्यम से करीब तीन हजार विद्यार्थियों को तमिल के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराया जाएगा। इस पहल का समन्वय बीएचयू कर रहा है। इसमें कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन सहयोग करेंगे।
एक हजार संस्थानों के विद्यार्थी पढ़ेंगे तिरुक्कुरल
एक अन्य पहल के तहत देशभर के एक हजार शैक्षणिक संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेगा। बीएचयू को उत्तर प्रदेश का राज्य नोडल संस्थान बनाया गया है। एक माह का यह कार्यक्रम 15 दिसंबर से शुरू होगा। प्रत्येक विद्यार्थी को अध्ययन के बाद एक लेख अथवा शोध टिप्पणी जमा करनी होगी। सत्यापन के बाद चयनित विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस पहल से तमिल साहित्य और संस्कृति का ज्ञान देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

