सनातन परंपरा का उत्सव बन गया है काशी तमिल संगमम्, जहां भाषाएं अलग लेकिन भाव एक: मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन समारोह को किया संबोधित 

गंगा की ज्ञान परंपरा काशी में जब तमिल की अमृत परंपरा से मिलती है तो भारत राष्ट्र का चैतन्य जागृत होता हैः सीएम योगी

सीएम योगी ने काशी को विश्व का केंद्र बनाने के लिए चार स्तंभ ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी व अर्थव्यवस्था की चर्चा की

वाराणसी, 28 नवंबरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा की ज्ञान परंपरा काशी में जब तमिल की अमृत परंपरा से मिलती है तो भारत राष्ट्र का चैतन्य जागृत होता है। काशी व तमिलनाडु भारतीय संस्कृति-सभ्यता की दो प्राचीन शाश्वत धाराएं हैं। दोनों ने सदियों से एक-दूसरे की परंपराओं, आस्थाओं व सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध किया है। तमिलनाडु में तेनकाशी यानी ‘दक्षिण की काशी’ इस आत्मीय संबंध का जीवंत प्रमाण है। काशी तमिल संगमम् भारत के उस सनातन परंपरा का उत्सव बन गया है जहां भाषाएं अलग, लेकिन भाव एक है। परंपराएं विविध परंतु संस्कृति एक है और यही प्रधानमंत्री मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत का लक्ष्य है।

 

मुख्यमंत्री ने यह बातें काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में कहीं। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन किया। उप राष्ट्रपति ने तिरुवल्लुवर के अनुवादित ग्रंथों का बटन दबाकर डिजिटल विमोचन भी किया। उप राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सीएम योगी ने ‘वडक्कम तमिलनाडु- वडक्कम काशी’ कहकर आगंतुकों का अविनाशी काशी की धरा पर स्वागत किया। 

123

भारत की सनातन परंपरा के मूल आधार हैं धर्म, अर्थ व काम
सीएम योगी ने कहा कि 12 दिसंबर तक चलने वाले इस संगमम् के पांचवें संस्करण की थीम तिरुक्कुरल पयिल्वोम यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ है। हमें तमिल की कालजयी ज्ञान परंपरा व जीवन मूल्यों से जुडऩा का अवसर प्राप्त होगा। संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानवता के जीवन दर्शन को प्रस्तुत करते हैं। इसके तीन खंड अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) व इनबम (काम) भारत की सनातन परंपरा के मूल आधार हैं। 

जन्म से सब समान, भेद सिर्फ कर्म से
सीएम ने कहा कि तिरुक्कुरल का पहला सूत्र अ के माध्यम से सृष्टि के आदिस्रोत की ओर संकेत करता है। यह उपनिषदों व श्रीमद्भगवतगीता के व्यक्त सनातन चिंतन से जोड़ने वाला भाव है। तिरुवल्लुवर कहते हैं कि जन्म से सब समान हैं, भेद सिर्फ कर्म से होता है और श्रीमद्भगवतगीता व भारतीय शास्त्र भी यही कहता है। सामाजिक न्याय की स्थापना में भूमिका का निर्वहन करने वाले महापुरुष के दर्शन में भी यही चिंतन दिखता है। 

123

आस्था, इतिहास व आधुनिक भारत का दिखेगा संगम
सीएम ने कहा कि इस वर्ष 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। प्रत्येक संस्थान से एक-एक विद्यार्थी तिरुक्कुरल का अध्ययन, शोध व शैक्षणिक प्रस्तुति भी देंगे। तमिलनाडु के लगभग 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों व महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल को पढ़ाएंगे और तमिलनाडु से आकर लगभग 1400 अतिथि काशी, प्रयागराज व अयोध्या का दर्शन करेंगे। तमिलनाडु से आए अतिथियों को काशी तमिल संगमम् के जरिए आस्था, इतिहास व आधुनिक भारत का संगम दिखेगा। संगम का अर्थ मिलकर बड़ी धारा को आगे बढ़ाना है। प्रयागराज में गंगा व यमुना मिलती है तो तीर्थराज बनता है।  

123

सीएम योगी ने काशी व तमिल की ऐतिहासिकता को भी बताया
सीएम ने कहा कि 15वीं शताब्दी में पांड्य नरेश पराक्रम पांड्य ने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराकर दक्षिण की धरती पर काशी की आध्यात्मिक चेतना को प्रतिष्ठित किया। महर्षि अगस्त्य ने तमिल व्याकरण के प्रथम ग्रंथ अगत्तियम की रचना की। उनकी तपस्या की स्मृति आज भी काशी के अगस्त्य कुंड में जीवित है। महर्षि अगस्त्य द्वारा रचित आदित्य हृदय स्रोत भगवान सूर्य की स्तुति है, जिसे रावण से युद्ध करने से पहले उन्होंने प्रभु श्रीराम को सुनाया था। आदि शंकराचार्य ने भारत के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना करके संपूर्ण भारत को सांस्कृतिक एकात्मता के सूत्र में बांधने का जो कार्य किया। जगतगुरु रामानुजाचार्य ने दक्षिण से चलकर उसी भक्ति धारा को घर-घर तक पहुंचाया। 17वीं सदी के संत कुमार गुरुपरर ने काशी में आकर केदारघाट पर साधना की। कुमार स्वामी मठ की स्थापना की। उनकी परंपरा में तमिलनाडु के तिरुपनंदाल में काशी मठ की स्थापना हुई। महाकवि सुब्रह्मण्य भारती ने काशी में शिक्षा पाई और यहीं उनकी राष्ट्रभक्ति की धार तेज हुई। 

केदार घाट, हनुमान घाट, हरिश्चंद्र घाट पर जीवंत रूप में विद्यमान है तमिल संस्कृति
सीएम ने कहा कि नाट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज लगभग 200 वर्ष से बाबा विश्वनाथ के पूजन की सामग्री पहुंचा रहा है। वह हर माह प्रयागराज की त्रिवेणी का जल लेकर रामेश्वर में अभिषेक करते हैं और श्रीरामनाथ स्वामी मंदिर से फिर कोटितीर्थ का जल लेकर बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करते हैं। काशी का केदार घाट, हनुमान घाट, हरिश्चंद्र घाट पर तमिल संस्कृति जीवंत रूप में विद्यमान है। इन्हें काशी की मिनी तमिलनाडु भी कहा जाता है। 

123

तमिल परंपरा से सुशोभित है राष्ट्र का राजदंड
सीएम योगी ने कहा कि जब भारत की नई संसद में (पवित्र संगोल), जिसे तमिल अधिनम के संतों के मार्गदर्शन में सत्ता हस्तांतरण का प्रतीक बनाया गया था। राष्ट्र का राजदंड भी तमिल परंपरा से सुशोभित है। मार्क ट्विन ने कहा था कि काशी इतिहास से भी पुरानी व परंपरा से भी प्राचीन है। तथागत बुद्ध ने सारनाथ में पहला उपदेश दिया। पार्श्वनाथ का जन्म हुआ, कबीर ने वाणी दी, संत रविदास ने समरसता सिखाई, तुलसीदास ने यहीं पर रामचरित मानस को जन-जन की भाषा भी बनाई। 

ज्ञान, अध्यात्म, संगीत व शास्त्रार्थ की विश्व राजधानी बन सकती थी काशी
सीएम ने कहा कि जिस नगरी की गोद में हर भाषा, पंथ व प्रदेश के लोग आ रहे हैं और जो नगरी ज्ञान, अध्यात्म, संगीत व शास्त्रार्थ की विश्व राजधानी बन सकती थी, आखिर किस कारण से वह स्वतंत्र भारत में भी वह लंबे समय तक उपेक्षित रही। यहां आस्था थी, लेकिन व्यवस्था नहीं, भीड़ थी पर सुविधा नहीं, अवसर थे पर आगे बढ़ाने के संकल्प का अभाव था परंतु आज आस्था व व्यवस्था भी है। 

123

आर्थिक समृद्धि की भी चर्चा की
सीएम योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम भव्य-दिव्य व सुमग स्वरूप में है। लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में आए और काशी में आने वाले 70 फीसदी श्रद्धालु दक्षिण भारत के थे। श्रद्धालुओं के इस प्रवाह ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी, जिसके कारण डेढ़ लाख करोड़ से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ। पुजारी, दुकानदार, नाविक, होटलकर्मी, गाइड समेत हर परिवार की रोजी इससे जुड़ी है।  

जहां आस्था, वहां आजीविका
सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार का मॉडल है कि जहां आस्था चलती है, वहां आजीविका भी चलती दिखती है। यहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार, रिंग रोड, फ्लाईओवर, वॉटरवे, नमो घाट, इंटरनेशनल स्टेडियम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर काशी के नए स्वरूप की पहचान बन चुकी है। जुलाई में केंद्र सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये से दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिससे काशी की यात्रा का समय आधे से भी कम हो जाएगा। देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी के यातायात को नया आयाम देने जा रही है। 

123

चार स्तंभ ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी व अर्थव्यवस्था की भी चर्चा की
सीएम योगी ने कहा कि काशी को चार स्तंभों के विश्व केंद्र बनाने की दिशा में बढ़े हैं। पहला स्तंभ के रूप में ज्ञान (बीएचयू व आईआईटी मद्रास) की साझेदारी इसका प्रमाण है। दूसरा स्तंभ अध्यात्म- काशी, प्रयागराज व अयोध्या का त्रिकोण विश्व के सबसे बड़े स्प्रिचुअल सर्किट के रूप में उभर रहा है। तीसरे स्तंभ (कनेक्टिविटी की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि काशी एयर, रोड, रेल, रोपवे व रिवर कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। अर्थव्यवस्था- हैरिटेज, हॉस्पिटैलिटी एंड हाईटेक कनेक्टिविटी से काशी को वैश्विक पर्यटन व ज्ञान के साथ ही अर्थव्यवस्था का नया इंजन बनाना है। 

काशी में गंगा व तमिलनाडु में कावेरी के तट पर बहने वाली संस्कार की धारा एक
सीएम ने कहा कि 2022 में काशी तमिल संगमम का प्रयोग अब आंदोलन है। अब हजारों विद्यार्थी व शोधकर्ता इस धारा से जुड़ रहे हैं। यह संगम याद दिलाता है कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि यह उन पुलों से बनता है, जो हृदय को हृदय से जोड़ता है। काशी तमिल संगमम् उसका आधार बना है। काशी में गंगा व तमिलनाडु में कावेरी के तट पर बहने वाली संस्कार की धारा एक ही है। संगमम् के पांच संस्करण पीएम मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का उदाहरण है। 

123

इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष प्रो. चमू कृष्ण शास्त्री, उच्च शिक्षा विभाग भारत सरकार में सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी कामकोटि, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

22080 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story