बकरीद के बाद भी स्वच्छ रही काशी, नगर निगम ने हटवाया 280 टन तक अपशिष्ट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बकरीद के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़े पैमाने पर सफाई कार्य किया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर निगम की टीम ने लगातार दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुर्बानी के बाद निकलने वाले जैविक अपशिष्टों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया।

नगर निगम द्वारा शहर के 79 चिह्नित स्थानों पर विशेष सफाई व्यवस्था लागू की गई थी। इसके लिए 94 वाहनों की तैनाती की गई, जिनमें डीपी कंटेनर, कॉम्पैक्टर, हॉपर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर और डम्पर शामिल थे। इन वाहनों ने लगातार कई फेरे लगाकर शहर के विभिन्न इलाकों से अपशिष्ट एकत्रित किया।

123

अभियान के दौरान लगभग 250 से 280 टन तक लीदा-पचौनी और अन्य जैविक अपशिष्टों को हटाकर शहर की सीमा से बाहर पहुंचाया गया। नगर निगम ने केवल अपशिष्ट संग्रहण तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि उसके वैज्ञानिक निस्तारण की भी प्रभावी व्यवस्था की। एकत्रित किए गए समस्त जैविक कचरे को करसड़ा स्थित प्लांट में ले जाकर विशेष रूप से तैयार गड्ढों में पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना था। पूरे अभियान के दौरान निगम की टीमें चौबीसों घंटे निगरानी करती रहीं, जिससे त्योहार के बाद भी शहर की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता बनी रही। नगर निगम की तत्परता और सुनियोजित कार्यप्रणाली के चलते बकरीद के अवसर पर भी वाराणसी में सफाई व्यवस्था प्रभावी रही और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

Share this story