एयर शो के लिए सज रही काशी, नमो घाट से ब्रह्मघाट तक विशेष व्यवस्थाएं, मेयर, डीएम और नगर आयुक्त ने परखी तैयारी
महापौर और अधिकारियों ने पैदल निरीक्षण कर सफाई से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा की
लाखों दर्शकों की सुविधा के लिए पीए सिस्टम, दिशा-सूचक बोर्ड, मोबाइल टॉयलेट और डस्टबिन की व्यवस्था
वाराणसी। भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाराणसी में प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन में देश-विदेश से आने वाले दर्शकों और पर्यटकों की सुविधा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नमो घाट से ब्रह्मघाट तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा तट की पटरियों, घाटों, संपर्क मार्गों और गलियों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान आने वाले लाखों दर्शकों, पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।

दिशा-सूचक बोर्ड और पीए सिस्टम से मिलेगी मदद
महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों पर लगाए जा रहे दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड तथा पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम की व्यवस्था की समीक्षा की। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य दर्शकों को सही मार्ग की जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करना है। इसके अलावा मोबाइल टॉयलेट और डस्टबिन की स्थापना से जुड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि घाटों और संपर्क मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्याप्त जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को परेशानी न हो।

समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी। सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त समेत संबंधित विभागों के अभियंता, जोनल अधिकारी और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का जोर एयर शो के दौरान काशी आने वाले लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने पर है।

